बिहार

VTR से सड़क पर उतरे भालू, लोगों ने मोबाइल में कैद किया नजारा

Saba Naaz
27 July 2026 4:10 PM IST
VTR से सड़क पर उतरे भालू, लोगों ने मोबाइल में कैद किया नजारा
x

बिहार: पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व (VTR) से सटे इलाके में सोमवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने राहगीरों और श्रद्धालुओं को कुछ देर के लिए हैरान कर दिया। जंगल से निकलकर दो भालू सड़क पर घूमते नजर आए। जटाशंकर चेक पोस्ट के पास सड़क पर विचरण करते भालुओं को देखकर वहां मौजूद लोगों में उत्सुकता बढ़ गई। कई लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाकर इस दुर्लभ दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।

जानकारी के अनुसार, वाल्मीकिनगर के गोल चौक से तीन नंबर पहाड़ की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित जटाशंकर चेक पोस्ट के समीप सोमवार को दो भालू जंगल से बाहर निकल आए। दोनों भालू कुछ देर तक सड़क के आसपास घूमते रहे। इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीर और जटाशंकर मंदिर व कालेश्वर मंदिर जाने वाले श्रद्धालु रुक गए और भालुओं को देखने लगे।

सड़क पर भालुओं की मौजूदगी से लोगों में रोमांच के साथ-साथ डर का माहौल भी देखने को मिला। लोगों ने भालुओं के काफी करीब जाने की कोशिश नहीं की, लेकिन दूर से मोबाइल फोन के जरिए उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाते रहे। देखते ही देखते यह दृश्य आसपास के लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, वाल्मीकिनगर क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से भालुओं की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं। ई-टाइप कॉलोनी निवासी मो. नसीम खान ने बताया कि पिछले कई दिनों से भालू कभी ई-टाइप कॉलोनी, कभी जटाशंकर चेक पोस्ट और कभी नरदेवी मंदिर जाने वाले रास्ते के आसपास दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जंगल से सटे इलाकों में वन्यजीवों का आना आम बात है, लेकिन अचानक सामने आ जाने से लोगों में भय भी बना रहता है।

वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र पदाधिकारी सत्यम कुमार ने बताया कि इको पार्क, ई-टाइप कॉलोनी, जटाशंकर चेक पोस्ट और नरदेवी मंदिर के आसपास का क्षेत्र जंगल से जुड़ा हुआ है। ऐसे में कई बार वन्यजीव भोजन या अन्य कारणों से आबादी वाले क्षेत्रों की तरफ आ जाते हैं।

उन्होंने कहा कि वन्यजीवों को देखने के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। भालू या किसी अन्य जंगली जानवर के करीब जाने, फोटो लेने के लिए पीछा करने या उन्हें परेशान करने से बचना चाहिए। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में वन्यजीव दिखाई दें तो तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जंगल और आबादी वाले क्षेत्रों के बीच लगातार संपर्क बढ़ने के कारण वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ रही है। ऐसे में लोगों को वन्यजीवों के व्यवहार को समझना और सावधानी बरतना जरूरी है।

वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व जैव विविधता के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। यहां बाघ, तेंदुआ, भालू, हिरण सहित कई वन्यजीव पाए जाते हैं। मानसून और भोजन की तलाश के दौरान कई बार ये जानवर जंगल से बाहर निकलकर आसपास के क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। वन विभाग लगातार ऐसे इलाकों में निगरानी रख रहा है और लोगों को जागरूक करने का काम भी कर रहा है।

फिलहाल सड़क पर भालुओं के घूमने की घटना से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। लेकिन वन विभाग ने साफ किया है कि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहना होगा और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखनी होगी।

Next Story