बिहार

Akashdeep की मां ने शॉल ओढ़ाकर सीएम का किया स्वागत

Saba Naaz
16 Jun 2026 3:57 PM IST
Akashdeep की मां ने शॉल ओढ़ाकर सीएम का किया स्वागत
x

Bihar:बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप के पैतृक गांव बड्डी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आकाशदीप से मुलाकात कर उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सीएम के आगमन से पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखा गया और बड़ी संख्या में लोग उनका स्वागत करने पहुंचे।

मुख्यमंत्री के गांव पहुंचते ही आकाशदीप और उनके परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस खास मौके पर आकाशदीप ने मुख्यमंत्री को भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी भेंट की। वहीं, आकाशदीप की मां ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सीएम ने भी परिवार के सदस्यों से बातचीत की और आकाशदीप की मेहनत और सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि आकाशदीप ने अपने खेल के जरिए बिहार का नाम देश और दुनिया में रोशन किया है। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। गांव में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए विशेष हेलीपैड तैयार किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट था। इस मौके पर जिलाधिकारी उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सीएम के आगमन से पूरा बड्डी गांव उत्सव स्थल में बदल गया। लोग सुबह से ही उनके स्वागत की तैयारी में जुटे थे। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से भी मुलाकात की और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है। इस मुलाकात ने न केवल आकाशदीप के परिवार को गर्व का एहसास कराया, बल्कि पूरे गांव के लोगों के लिए भी यह एक यादगार क्षण बन गया। गांव के लोगों ने कहा कि यह पहली बार है जब कोई मुख्यमंत्री सीधे उनके गांव में पहुंचे हैं, जिससे खुशी का माहौल है।


Next Story