
Bihar:कैमूर जिले के प्रसिद्ध माता मुंडेश्वरी धाम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इस दौरान उन्होंने रोहतास और कैमूर के बीच एयरपोर्ट निर्माण, धार्मिक स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा, मुंडेश्वरी धाम में रोप-वे निर्माण और सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोलने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहतास-कैमूर के बीच एयरपोर्ट बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसके लिए जमीन चिह्नित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मुंडेश्वरी धाम को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लंबे समय से लंबित रोप-वे परियोजना का काम बरसात के बाद शुरू किया जाएगा और अगली बार दौरे के दौरान इसका शिलान्यास किया जाएगा।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए मां ताराचंडी, तुतला भवानी और गुप्ता धाम जैसे प्रमुख स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की योजना बनाई है। इससे इन धार्मिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर मजबूती मिलेगी और श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी। इसके साथ ही मुंडेश्वरी धाम परिसर में स्थित धर्मशाला का नवीनीकरण भी किया जाएगा, जिससे आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले दो वर्षों में राज्य के सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे, जहां नीट, जेईई और आईआईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इन स्कूलों में बेहतर शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सीएम ने यह भी बताया कि बिहार में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) की शाखा खोलने की संभावनाओं पर काम चल रहा है, ताकि राज्य के छात्रों को बेहतर उच्च शिक्षा मिल सके। इसके अलावा उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देते हुए कहा कि तय समय में काम पूरा न करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। 30 दिनों तक आदेश लंबित रखने वाले अधिकारियों को स्वतः निलंबित माना जाएगा।
सरकार ने 25 लाख बीपीएल परिवारों के घरों पर सोलर पैनल लगाने की योजना भी घोषित की है। इससे लोगों को बिजली बिल से राहत मिलेगी और अतिरिक्त उत्पादन पर सरकार भुगतान भी करेगी। इन घोषणाओं के साथ मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है और हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।





