
दरभंगा एयरपोर्ट: दिल्ली रूट पर अकासा एयर और स्पाइसजेट की उड़ानें रद्द होने के कारण बुधवार को यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों की यात्रा अंतिम समय में प्रभावित हो गई और उन्हें अपनी योजनाएं स्थगित करनी पड़ी। दिल्ली रूट पर इस दिन केवल इंडिगो की उड़ानें ही संचालित हो सकीं। दरभंगा एयरपोर्ट से सामान्य दिनों में दिल्ली सहित विभिन्न शहरों के लिए आधा दर्जन से अधिक उड़ानों का संचालन होता है, लेकिन बुधवार को स्थिति काफी अलग रही। अकासा एयर और स्पाइसजेट की सेवाएं रद्द रहने के कारण केवल इंडिगो की दो उड़ानें ही दिल्ली रूट पर उपलब्ध रहीं। इससे यात्रियों को सीमित विकल्पों के साथ यात्रा करनी पड़ी।
एयरपोर्ट पर कुल उड़ानों की संख्या में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को केवल आठ उड़ानों का संचालन हुआ, जिसमें दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे प्रमुख रूट शामिल रहे। यह स्थिति लगभग एक महीने बाद सबसे कम विमान परिचालन का स्तर था। इससे पहले यहां प्रतिदिन एक दर्जन से अधिक उड़ानें संचालित हो रही थीं। उड़ानों की कमी का सीधा असर यात्रियों की संख्या पर भी पड़ा। सामान्य दिनों में जहां दरभंगा एयरपोर्ट से लगभग 2500 यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं, वहीं बुधवार को यह संख्या घटकर 1500 से नीचे पहुंच गई। यात्रियों की कमी और उड़ानों की रद्दीकरण ने एयरपोर्ट के संचालन पर भी असर डाला है।
दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सबसे अधिक दिक्कत का सामना करना पड़ा। नौकरी, व्यापार, इलाज और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को टिकट होने के बावजूद उड़ान रद्द होने के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। कई यात्रियों को अंतिम समय में अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी। यात्रियों ने लगातार उड़ानों की कटौती पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि दरभंगा एयरपोर्ट उत्तर बिहार का प्रमुख हवाई केंद्र बन चुका है, ऐसे में उड़ानों का रद्द होना और सेवाओं में कमी आम जनता के लिए बड़ी समस्या है। उन्होंने विमानन कंपनियों और एयरपोर्ट प्रबंधन से नियमित उड़ान सेवा बहाल करने की मांग की है।





