
Bihar: गोपालगंज जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मियों के स्थानांतरण नीति के तहत बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिला पदाधिकारी के आदेश पर समाहरणालय की जिला स्थापना शाखा ने गुरुवार को 22 अंचल अमीनों के तबादले का आदेश जारी किया। सभी स्थानांतरित कर्मियों को 4 जुलाई 2026 तक अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन अंचल अमीनों द्वारा निर्धारित समय सीमा तक नए कार्यालय में योगदान नहीं दिया जाएगा, उन्हें 6 जुलाई 2026 से स्वतः विरमित (Relieved) माना जाएगा। इस आदेश को सख्ती से लागू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि समय पर कार्यभार ग्रहण सुनिश्चित हो सके।
जारी सूची के अनुसार विभिन्न अंचलों के अमीनों का तबादला एक स्थान से दूसरे स्थान पर किया गया है। इसमें लालजीत कुमार को पंचदेवरी से कटेया, कंचन कुमारी और रिया कुमारी को मांझा से बरौली, सौरभ कुमार को विजयीपुर से कटेया, अंशु कुमार को विजयीपुर से उचकागांव और दीपक कुमार को विजयीपुर से फुलवरिया भेजा गया है। इसी तरह अमित कुमार को गोपालगंज से बरौली, सत्येन्द्र को भोरे से गोपालगंज, नीतीश कुमार को भोरे से पंचदेवरी और सोनम कुमारी को भोरे से विजयीपुर स्थानांतरित किया गया है। गोलु कुमार को बरौली से उचकागांव, शिबु कुमार को बरौली से थावे और मोनिका कुमारी को बरौली से सिधवलिया भेजा गया है।
इसके अलावा शम्स तबरेज और राज प्रकाश कुमार यादव को फुलवरिया से कुचायकोट, सुभाष यादव और अमन कुमार पाण्डेय को कुचायकोट से अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया है। नमी प्रिया, मुकुल कुमार श्रीवास्तव, नीरज कुमार, समरजीत कुमार और विकास कुमार मिश्रा सहित अन्य अमीनों का भी तबादला विभिन्न अंचलों में किया गया है। जिला प्रशासन ने कहा है कि यह कदम प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मियों का स्थानांतरण नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, जिससे कार्य प्रणाली में और अधिक सुधार लाया जा सके।





