बिहार

मैरिज ऐप से शुरू हुई दोस्ती बनी ठगी का जाल

Saba Naaz
2 July 2026 7:29 PM IST
मैरिज ऐप से शुरू हुई दोस्ती बनी ठगी का जाल
x

Bihar: मोतिहारी के मधुबन इलाके में मैट्रिमोनियल ऐप पर हुई दोस्ती एक युवक के लिए भारी पड़ गई। ऑनलाइन गेमिंग और निवेश का झांसा देकर उससे 40 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी कर ली गई। मामले में पीड़ित ने मोतिहारी साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित भारत भूषण प्रसाद की पहचान संगम मैट्रिमोनियल ऐप पर राधिका चौधरी नाम की महिला से हुई थी। बातचीत व्हाट्सएप तक पहुंची, जहां महिला ने खुद को सिंगापुर की सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताया और भारत आने पर मिलने का भरोसा दिलाया। धीरे-धीरे भरोसा बनाकर उसे ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म में निवेश के लिए प्रेरित किया गया।

शुरुआत में छोटी रकम लगवाई गई, जिससे पीड़ित को मुनाफा दिखाकर भरोसे में लिया गया। इसके बाद अलग-अलग बहानों से लगातार बड़ी रकम जमा कराई गई। जब पैसे निकालने की कोशिश की गई तो टैक्स, सिक्योरिटी डिपॉजिट और तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर और पैसा डलवाया गया।

पीड़ित ने बैंक लोन, स्टॉक फंड और अपनी बचत तक निवेश कर दी। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार 16 ट्रांजैक्शन में कुल 40,00,919 रुपये अलग-अलग खातों में भेजे गए।

ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन और बैंक में शिकायत की। जांच में सामने आया है कि पैसे नासिक, असम, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात और अन्य राज्यों के खातों में ट्रांसफर हुए हैं।

साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है और बैंक खातों व डिजिटल लेनदेन के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

Next Story