बिहार

आरा में मूर्ति विसर्जन को लेकर हुआ झगड़ा, चार लोगों ने पीट-पीटकर अंडा दुकानदार को मार डाला

Renuka Sahu
10 Feb 2022 1:44 AM GMT
आरा में मूर्ति विसर्जन को लेकर हुआ झगड़ा, चार लोगों ने पीट-पीटकर अंडा दुकानदार को मार डाला
x

फाइल फोटो 

आरा के भोजपुर के चरपोखरी थाना क्षेत्र के खरौनी टोला गांव के पास सोमवार की शाम एक अंडा दुकानदार की मारपीट कर हत्या कर दी गयी।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। आरा के भोजपुर के चरपोखरी थाना क्षेत्र के खरौनी टोला गांव के पास सोमवार की शाम एक अंडा दुकानदार की मारपीट कर हत्या कर दी गयी। प्रतिमा विसर्जन को लेकर आपस में झगड़ा कर रहे दो गांवों के लोगों ने घटना को अंजाम दिया। मृतक चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव निवासी स्व. कैलाश यादव का 40 वर्षीय पुत्र लाल बाबू सिंह था। हालांकि मारपीट और हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

दुकानदार के भाई विनोद सिंह यादव ने बताया कि सोमवार को मदरहा और खरौनी गांव के लोग सरस्वती पूजा की मूर्ति विसर्जन करने जा रहे थे। उस दौरान दोनों गांव के लोगों के बीच झगड़ा हो गया। तभी बाजार से अंडा खरीद कर लौट रहा उनका भाई लाल बाबू यादव भी पहुंच गया। तब झगड़ा कर रहे लोगों ने उनके भाई की जमकर पिटाई कर दी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसके बाद इलाज के लिए पहले चरपोखरी पीएचसी और उसके आरा सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
चार के खिलाफ प्राथमिकी, एक गिरफ्तार
मृत दुकानदार के भाई विनोद सिंह ने बताया कि मारपीट के बाद किसी तरह लाल बाबू भाग कर घर पहुंचा। उसके बाद वह दुकान में सो गया। तभी गांव के एक युवक ने कहा कि खरौनी टोला गांव के कुछ लोगों ने विसर्जन के दौरान लालबाबू की पिटाई की है। इसे सुन वह अपने भाई को देखने गए, तो वह बेहोश पड़ा था। इसके बाद वह उसे इलाज के लिये ले जाया गया। इधर, विनोद सिंह के बयान पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।
इसमें खरौनी टोला निवासी संतोष यादव, मंतोष यादव, उमेश यादव और पीरो थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी मुनी यादव को आरोपित किया गया है। इनमें संतोष यादव और मंतोष यादव सगे भाई हैं। वहीं इस मामले में पुलिस मुनी यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। थाना इंचार्ज प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन और आरोपितों की धरपकड़ को लेकर छापेमारी की जा रही है।
दो भाइयों में छोटा था लालबाबू, घर में कोहराम
अंडा दुकानदार दो भाइयों में छोटा था। उसकी हत्या से घर में कोहराम मचा है। उसके परिवार में बहन हेवांती, रिंकू और एक भाई विनोद सिंह है।
Next Story