बिहार

राष्ट्रीय खेल दिवस पर बिहार के 211 खिलाड़ी और कोच होंगे सम्मानित, प्रमोद भगत को मिलेगा एक करोड़

Renuka Sahu
29 Aug 2022 1:19 AM GMT
211 players and coaches of Bihar will be honored on National Sports Day, Pramod Bhagat will get one crore
x

फाइल फोटो 

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राज्य के 211 खिलाड़ी और छह प्रशिक्षक सम्मानित होंगे।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर राज्य के 211 खिलाड़ी और छह प्रशिक्षक सम्मानित होंगे। टोक्यो पारालम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले वैशाली जिला निवासी प्रमोद भगत को एक करोड़ और कांस्य पदक जीतने वाले शरत कुमार को 50 लाख रुपये की राशि मिलेगी।

बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की ओर से बिहार खेल सम्मान के चयनित खिलाड़ियों की घोषणा की गई। सोमवार को राजधानी के ऊर्जा सभागार शास्त्रीनगर में भव्य आयोजन होगा। चयनित सभी 211 खिलाड़ियों और छह प्रशिक्षकों को कुल नगद सम्मान राशि 3,11,15,792 रुपये (3 करोड़ 11 लाख 15 हजार 792 रुपये) देकर सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष अखिल भारतीय विश्वविद्यालय, एशियन चैम्पियनशिप, सैफ खेलों को भी खेल सम्मान की आधिकारिक सूची में शामिल किया गया। प्रतिभागियों के अभिभावक भी आमंत्रित हैं।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के डीजी रवींद्रण शंकरण ने बताया कि टोक्यो पारालम्पिक 2020 में पारा बैडमिन्टन खिलाड़ी स्वर्ण पदक विजेता प्रमोद भगत को (पुरुष एकल एसएल 3 वर्ग में) को एक करोड़ रुपये, टोक्यो पारालम्पिक 2020 में पुरुष ऊंची कूद में कांस्य पदक विजेता शरत कुमार को पचास लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। 24वें समर डिफ्लिंपिक्स 2021 ब्राजील बैडमिंटन (गोल्ड) ऋतिक आनन्द को 15 लाख रुपये नगद पुरस्कार राशि एवं 24वें समर डिफ्लिंपिक्स 2021 ब्राजील शूटिंग में सातवां स्थान प्राप्त करने वाले अभिषेक कुमार को दो लाख रुपये नगद पुरस्कार राशि से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पूर्व में सम्मानित किया जा चुका है।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 बर्मिंघम में लॉन बॉल (मेनफोर्स इवेन्ट) में रजत पदक प्राप्त चंदन कुमार को 15 लाख रुपये, रग्बी की महिला खिलाड़ी आरती कुमारी और सपना कुमारी को 8 लाख 33 हजार 333 रुपये का पुरस्कार दिया जा रहा है।
ये प्रशिक्षक होंगे सम्मानित
राजेन्द्र प्रसाद (भारोत्तोलन)
अनुप कुमार, (वुशू)
गौतम प्रताप सिंह, (रग्बी)
पंकज कुमार रंजन, (सेपकटाकरा)
पिंकी कुमारी, एकलव्य प्रशिक्षक (फुटबॉल)
असगर हुसैन (फुटबॉल)
मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव होंगे
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि कला संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री जितेंद्र कुमार राय होंगे। सचिव वंदना प्रेयसी ने घोषणा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले चयनित प्रतिभागियों को दी जाने वाली नगद राशि को दोगुनी कर दी गई है। इसके अलावा इस वर्ष से सामान्य एवं दिव्यांग दोनों श्रेणियों में नगद राशि का प्रावधान किया गया है।
Next Story