बिहार

गैस रिसाव के बाद सुरक्षित वापसी, 14 मजदूर पहुंचे घर

Saba Naaz
2 July 2026 4:40 PM IST
गैस रिसाव के बाद सुरक्षित वापसी, 14 मजदूर पहुंचे घर
x

Jharkhand: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में अमोनिया गैस रिसाव की घटना के बाद पश्चिमी सिंहभूम जिले के 14 प्रवासी श्रमिक सकुशल अपने घर लौट आए। सभी श्रमिक गुरुवार को रेल मार्ग से राउरकेला होते हुए चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां जिला प्रशासन की टीम ने उनका स्वागत किया और उनकी कुशलता की जानकारी ली।

यह पूरी कार्रवाई झारखंड सरकार, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग और पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से संभव हो पाई। घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार ने तुरंत स्थिति पर नजर रखनी शुरू की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रमिकों की सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया शुरू की गई।

प्रशासन ने सुनिश्चित किया कि श्रमिकों को किसी तरह की परेशानी न हो। चक्रधरपुर स्टेशन पर अधिकारियों ने उनसे बातचीत कर घटना के दौरान उनके अनुभव जाने और स्वास्थ्य जांच भी की। इसके बाद सभी श्रमिकों को उनके-अपने गांव तक पहुंचाने के लिए विशेष वाहनों की व्यवस्था की गई। साथ ही प्रत्येक श्रमिक को फूड बास्केट भी दी गई ताकि घर पहुंचने के बाद उन्हें किसी जरूरी चीज की कमी न हो।

जिला प्रशासन ने कहा कि प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाती है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के बाहर काम कर रहे श्रमिकों की सुरक्षा पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत सहायता दी जाएगी।

इस घटना के बाद हुई त्वरित कार्रवाई से श्रमिकों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली और प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

Next Story