बिहार

सक्षमता परीक्षा में 10159 शिक्षक नहीं कर पाए सफलता हासिल

Saba Naaz
21 July 2026 7:32 PM IST
सक्षमता परीक्षा में 10159 शिक्षक नहीं कर पाए सफलता हासिल
x

बिहार: विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने पांचवीं सक्षमता परीक्षा का परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया। परीक्षा में शामिल शिक्षक अभ्यर्थियों में केवल 30 प्रतिशत उम्मीदवार ही सफल हो पाए हैं। बिहार बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. एसएम त्यागराजन ने रिजल्ट जारी करते हुए बताया कि पांचवीं सक्षमता परीक्षा में कुल 14,512 शिक्षक अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 4,353 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। वहीं, 10,159 शिक्षक अभ्यर्थी परीक्षा पास नहीं कर सके।

इस परीक्षा का आयोजन स्थानीय निकाय के शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने की प्रक्रिया के तहत किया गया था। परीक्षा में शामिल सफल शिक्षकों को अब शिक्षा विभाग की ओर से काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके लिए सफल अभ्यर्थियों को अलग से सूचना दी जाएगी।

बिहार बोर्ड के अनुसार पांचवीं सक्षमता परीक्षा में कुल 6,559 पुरुष और 7,953 महिला शिक्षक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। सफल अभ्यर्थियों में 1,870 पुरुष शिक्षक और 2,483 महिला शिक्षक शामिल हैं। परीक्षा परिणाम में महिला अभ्यर्थियों की सफलता संख्या पुरुषों की तुलना में अधिक रही।

वर्गवार परिणाम की बात करें तो कक्षा एक से पांचवीं तक के शिक्षकों के लिए आयोजित परीक्षा में सबसे अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए। इस श्रेणी में कुल 13,235 शिक्षक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें 3,868 अभ्यर्थी सफल हुए। प्राथमिक स्तर के शिक्षकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 29.23 प्रतिशत रहा।

वहीं, कक्षा छह से आठवीं के लिए आयोजित परीक्षा में कुल 781 शिक्षक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 313 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। इस वर्ग का उत्तीर्ण प्रतिशत 40.08 प्रतिशत रहा। कक्षा नौवीं और दसवीं के शिक्षकों में कुल 367 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें 122 शिक्षक सफल हुए। इस वर्ग का सफलता प्रतिशत 33.24 प्रतिशत दर्ज किया गया।

कक्षा 11वीं और 12वीं के शिक्षकों के लिए आयोजित परीक्षा में कुल 129 शिक्षक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 50 अभ्यर्थी सफल हुए। इस वर्ग में उत्तीर्णता प्रतिशत 38.76 प्रतिशत रहा।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने बताया कि पांचवीं सक्षमता परीक्षा में वैसे शिक्षक अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जो पहले आयोजित पहली, दूसरी, तीसरी और चौथी सक्षमता परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे या पहले प्रयास में सफल नहीं हुए थे। इसके अलावा कुछ ऐसे शिक्षक भी परीक्षा में शामिल हुए, जो किसी कारण से पिछली परीक्षाओं में भाग नहीं ले पाए थे।

बिहार बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि अब तक आयोजित पांचों सक्षमता परीक्षाओं में कुल 2,71,133 शिक्षक अभ्यर्थी सफल हो चुके हैं। राज्य सरकार के निर्देश पर स्थानीय निकाय शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने के लिए सक्षमता परीक्षा की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

परीक्षा में सफल होने के लिए अलग-अलग वर्गों के लिए न्यूनतम उत्तीर्ण अंक निर्धारित किए गए थे। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक जरूरी थे। पिछड़ा वर्ग के लिए 36.5 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 34 प्रतिशत, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 32 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए थे।

बिहार बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक पांच चरणों में बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थी सफल हुए हैं। पहली सक्षमता परीक्षा में 1,87,818 शिक्षक सफल हुए थे। दूसरी परीक्षा में 66,143, तीसरी परीक्षा में 7,890, चौथी परीक्षा में 4,229 और पांचवीं परीक्षा में 4,353 शिक्षक अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं।

शिक्षा विभाग अब सफल शिक्षकों की काउंसिलिंग और आगे की प्रक्रिया पूरी करेगा। वहीं, परीक्षा में असफल रहे हजारों शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए आगे क्या विकल्प होंगे, इस पर विभाग की ओर से दिशा-निर्देश जारी किए जाने की संभावना है।

Next Story