- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- Yoga Tips: चेहरा देखकर...
लाइफ स्टाइल
Yoga Tips: चेहरा देखकर कोई नहीं लगा सकता आपकी उम्र का अंदाजा, रोजाना करें ये फेस योगा
Sarita
26 Feb 2025 9:31 AM IST

x
Yoga Tips: असल में, फेस योग एक प्रकार की योग प्रैक्टिस है, जिसमें चेहरे की मांसपेशियों को मजबूत और टोन करने के लिए विशेष अभ्यास किए जाते हैं। ये योगासन त्वचा को निखारने, झुर्रियों को कम करने और चेहरे पर प्राकृतिक चमक लाने में मदद करते हैं। फेस योग में विभिन्न प्रकार के चेहरे के व्यायाम, मुद्रा और श्वास तकनीक शामिल होती हैं, जो चेहरे की मांसपेशियों को सख्त करती हैं और रक्त संचार को बेहतर बनाती हैं।
सबसे पहले प्राणायाम
सबसे पहले प्राणायाम की बात करना इसलिए जरूरी है, क्योंकि जितनी ज्यादा ऑक्सीजन शरीर के अंदर जाएगी या कहे कि शरीर में ऑक्सीजन का लेवल जितना अच्छा रहेगा, त्वचा उतनी ही हेल्दी रहेगी। असल में, शरीर में ऑक्सीजन का सही संतुलन ब्लड सर्कुलेशन को ठीक बनाए रखता है और सही ब्लड सर्कुलेशन त्वचा के लिए बेहद जरूरी है। इसलिए दिनचर्या में गहरे श्वास वाले प्राणायाम को अवश्य शामिल करें।
प्राणायाम के लिए शुद्ध स्वच्छ स्थान पर बैठें। इसके लिए सुबह का समय सबसे अच्छा माना जाता है। इसलिए शांत जगह पर बैठकर कमर-गर्दन को सीधा रखें और धीरे-धीरे श्वास पर ध्यान देते हुए गहराई से भरें और गहराई से ही छोड़ दें। इस क्रिया को 10 से 15 बार दोहराएं।
अनुलोम-विलोम एक ऐसा प्राणायाम है, जिसको कोई भी सामान्य व्यक्ति आसानी से कर सकता है। इसके लिए कमर और गर्दन को सीधा रखते हुए बैठें। प्राणायाम किसी भी एक नासिका से शुरू किया जा सकता है, मगर सही तरह से करने के लिए सर्वप्रथम दाहिनी नासिका को बंद करें और बाईं नासिका से सांस भरें। फिर उंगलियों से बाईं नासिका को बंद करें और दाहिनी नासिका को खोलकर सांस छोड़ दें। जिस तरफ से आप सांस को छोड़ती हैं, उसी तरफ से फिर से भरें और दूसरी तरफ से उंगलियों को हटाते हुए सांस को छोड़ें। इस क्रिया को 15 से 50 बार तक किया जा सकता है, परंतु ध्यान रखें कि जितनी क्षमता है, उतना ही करें और धीरे-धीरे अभ्यास को बढ़ाती जाएं। यह स्वास्थ्य को बेहतर करेगा, ऑक्सीजन लेवल को मेंटेन करेगा और स्वस्थ बनाए रखने में मदद करेगा, जिसका सीधा असर त्वचा पर दिखाई देगा।
मंडूकासन से प्राकृतिक चमक-
अब बात करते हैं मंडूकासन की, जो त्वचा को हेल्दी, यंग और ग्लोइंग रखने में मदद करता है। मंडूकासन को करने के लिए सबसे पहले आप वज्रासन की स्थिति में बैठ जाएं। दोनों हाथों की हथेलियों को नाभि पर रखते हुए सामने की तरफ झुक जाएं, जितना झुक सकती हैं, लेकिन गर्दन को थोड़ा ऊपर ही रखें। थोड़ी देर इसी मुद्रा में रहें और फिर धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में वापस आ जाएं। मंडूकासन की इस प्रक्रिया को तीन से चार बार दोहराएं।
ध्यान दें कि मंडूकासन पेट के लिए अधिक फायदेमंद होता है। अगर आपको इस आसन के त्वचा पर लाभ देखने हैं तो नीचे झुकते हुए गर्दन को ऊपर की ओर ही रखें। अगर आप ऐसा नहीं करेंगी तो चेहरे की मांसपेशियों की एक्सरसाइज नहीं हो पाएगी। मंडूकासन से चेहरे की मांसपेशियों में खिंचाव आता है और वहां मौजूद त्वचा में रक्त का प्रवाह बेहतर होता है, जिससे त्वचा में ताजगी आती है, निखार मिलता है, प्राकृतिक चमक बढ़ती है और झुर्रियां कम होती हैं।
शशांकासन : मुंहासों से राहत-
शशांकासन चेहरे के लिए बहुत फायदेमंद है। इस आसन को करने से चेहरे की त्वचा पर रक्त संचार बढ़ता है, जिससे त्वचा में निखार आता है और चमक दिखाई देने लगती है। सबसे अहम है कि शशांकासन से चेहरे की मांसपेशियों की कसावट में सुधार होता है, जिससे चेहरे की झुर्रियां और फाइन लाइन कम होती हैं।
इस आसन को करने के लिए आप वज्रासन में बैठकर दोनों हाथों को ऊपर उठाएं और सामने की तरफ पूरी तरह झुक जाएं, जिससे दोनों हाथ सामने रहेंगे और माथा जमीन से टच करेगा। इस मुद्रा में होने पर आपको महसूस होगा कि ब्लड सर्कुलेशन दिल और चेहरे की तरफ है।
असल में, जिस तरफ ब्लड सर्कुलेशन होता है, उस अंग को पोषण भी मिलता है। शशांकासन से मानसिक तनाव भी कम होता है, जो त्वचा पर सकारात्मक प्रभाव डालता है। इसके नियमित अभ्यास से त्वचा स्वस्थ, निखरी और युवा बनी रहती है तथा मुंहासे जैसी समस्याएं भी कम होती हैं।
कुछ छोटी एक्सरसाइज की बात करें तो जब भी आप खाली बैठी हों, अपने मुंह में थोड़ी-सी हवा भरकर गालों को फुला लें और थोड़ी देर बाद छोड़ दें। इस क्रिया को बार-बार करने से फेस मसल्स की एक्सरसाइज होती है और लटकी त्वचा सही स्थिति में आ जाती है।
दूसरी एक्सरसाइज के लिए गालों को अंदर की ओर खींचे और फिर बाहर की ओर फैलाएं। इसे 5 से 10 बार करें। इससे गालों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं।
तीसरी एक्सरसाइज के लिए मुंह को खोलें और फिर बंद करें। यह जबड़े और ठुड्डी की मांसपेशियों को टोन करती है। इसे 10 बार करें।
चौथी एक्सरसाइज के लिए आंखों को तेजी से बंद करें और फिर खोलें। इसे 10 बार दोहराएं। यह आंखों के आस-पास की त्वचा को टोन करती है।
सबसे जरूरी और ध्यान रखने योग्य बात यह है कि अगर आप किसी भी समस्या से ग्रस्त हैं तो पहले चिकित्सक से सलाह लें और उसकी इजाजत के बाद ही योग और व्यायाम करें।
TagsYogaरोजानाफेस योगाYogaDailyFace Yogaजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





