लाइफ स्टाइल

Yoga Tips: रोजाना करें ये फेस योगा

Sarita
24 Aug 2025 9:49 AM IST
Yoga Tips:  रोजाना करें ये फेस योगा
x
Yoga Tips: असल में, फेस योग एक प्रकार की योग प्रैक्टिस है, जिसमें चेहरे की मांसपेशियों को मजबूत और टोन करने के लिए विशेष अभ्यास किए जाते हैं। ये योगासन त्वचा को निखारने, झुर्रियों को कम करने और चेहरे पर प्राकृतिक चमक लाने में मदद करते हैं। फेस योग में विभिन्न प्रकार के चेहरे के व्यायाम, मुद्रा और श्वास तकनीक शामिल होती हैं, जो चेहरे की मांसपेशियों को सख्त करती हैं और रक्त संचार को बेहतर बनाती हैं।बढ़ती उम्र में त्वचा को हेल्दी और युवा बनाए रखना भी एक बड़ी चुनौती है, खासकर वर्तमान जीवन-शैली में। इस स्थिति में त्वचा को टाइट और युवा रखने के लिए नियमित रूप से कुछ फेस योगासनों का अभ्यास फायदेमंद साबित होता है। खास बात यह कि इन फेस योगासनों के लिए किसी भी खास उपकरण की आवश्यकता नहीं होती। आप इन आसनों को किसी भी समय और कहीं भी कर सकती हैं।
सबसे पहले प्राणायाम
सबसे पहले प्राणायाम की बात करना इसलिए जरूरी है, क्योंकि जितनी ज्यादा ऑक्सीजन शरीर के अंदर जाएगी या कहे कि शरीर में ऑक्सीजन का लेवल जितना अच्छा रहेगा, त्वचा उतनी ही हेल्दी रहेगी। असल में, शरीर में ऑक्सीजन का सही संतुलन ब्लड सर्कुलेशन को ठीक बनाए रखता है और सही ब्लड सर्कुलेशन त्वचा के लिए बेहद जरूरी है। इसलिए दिनचर्या में गहरे श्वास वाले प्राणायाम को अवश्य शामिल करें।
प्राणायाम के लिए शुद्ध स्वच्छ स्थान पर बैठें। इसके लिए सुबह का समय सबसे अच्छा माना जाता है। इसलिए शांत जगह पर बैठकर कमर-गर्दन को सीधा रखें और धीरे-धीरे श्वास पर ध्यान देते हुए गहराई से भरें और गहराई से ही छोड़ दें। इस क्रिया को 10 से 15 बार दोहराएं।
अनुलोम-विलोम एक ऐसा प्राणायाम है, जिसको कोई भी सामान्य व्यक्ति आसानी से कर सकता है। इसके लिए कमर और गर्दन को सीधा रखते हुए बैठें। प्राणायाम किसी भी एक नासिका से शुरू किया जा सकता है, मगर सही तरह से करने के लिए सर्वप्रथम दाहिनी नासिका को बंद करें और बाईं नासिका से सांस भरें। फिर उंगलियों से बाईं नासिका को बंद करें और दाहिनी नासिका को खोलकर सांस छोड़ दें। जिस तरफ से आप सांस को छोड़ती हैं, उसी तरफ से फिर से भरें और दूसरी तरफ से उंगलियों को हटाते हुए सांस को छोड़ें। इस क्रिया को 15 से 50 बार तक किया जा सकता है, परंतु ध्यान रखें कि जितनी क्षमता है, उतना ही करें और धीरे-धीरे अभ्यास को बढ़ाती जाएं। यह स्वास्थ्य को बेहतर करेगा, ऑक्सीजन लेवल को मेंटेन करेगा और स्वस्थ बनाए रखने में मदद करेगा, जिसका सीधा असर त्वचा पर दिखाई देगा।

मंडूकासन से प्राकृतिक चमक
अब बात करते हैं मंडूकासन की, जो त्वचा को हेल्दी, यंग और ग्लोइंग रखने में मदद करता है। मंडूकासन को करने के लिए सबसे पहले आप वज्रासन की स्थिति में बैठ जाएं। दोनों हाथों की हथेलियों को नाभि पर रखते हुए सामने की तरफ झुक जाएं, जितना झुक सकती हैं, लेकिन गर्दन को थोड़ा ऊपर ही रखें। थोड़ी देर इसी मुद्रा में रहें और फिर धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में वापस आ जाएं। मंडूकासन की इस प्रक्रिया को तीन से चार बार दोहराएं।
ध्यान दें कि मंडूकासन पेट के लिए अधिक फायदेमंद होता है। अगर आपको इस आसन के त्वचा पर लाभ देखने हैं तो नीचे झुकते हुए गर्दन को ऊपर की ओर ही रखें। अगर आप ऐसा नहीं करेंगी तो चेहरे की मांसपेशियों की एक्सरसाइज नहीं हो पाएगी। मंडूकासन से चेहरे की मांसपेशियों में खिंचाव आता है और वहां मौजूद त्वचा में रक्त का प्रवाह बेहतर होता है, जिससे त्वचा में ताजगी आती है, निखार मिलता है, प्राकृतिक चमक बढ़ती है और झुर्रियां कम होती हैं।
शशांकासन : मुंहासों से राहत:
शशांकासन चेहरे के लिए बहुत फायदेमंद है। इस आसन को करने से चेहरे की त्वचा पर रक्त संचार बढ़ता है, जिससे त्वचा में निखार आता है और चमक दिखाई देने लगती है। सबसे अहम है कि शशांकासन से चेहरे की मांसपेशियों की कसावट में सुधार होता है, जिससे चेहरे की झुर्रियां और फाइन लाइन कम होती हैं।
इस आसन को करने के लिए आप वज्रासन में बैठकर दोनों हाथों को ऊपर उठाएं और सामने की तरफ पूरी तरह झुक जाएं, जिससे दोनों हाथ सामने रहेंगे और माथा जमीन से टच करेगा। इस मुद्रा में होने पर आपको महसूस होगा कि ब्लड सर्कुलेशन दिल और चेहरे की तरफ है।
असल में, जिस तरफ ब्लड सर्कुलेशन होता है, उस अंग को पोषण भी मिलता है। शशांकासन से मानसिक तनाव भी कम होता है, जो त्वचा पर सकारात्मक प्रभाव डालता है। इसके नियमित अभ्यास से त्वचा स्वस्थ, निखरी और युवा बनी रहती है तथा मुंहासे जैसी समस्याएं भी कम होती हैं।
Next Story