- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- बिना जिम गए महिला ने...

Lifestyle : बढ़ता वजन लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुका है। खराब खानपान, जंक फूड की आदत और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण मोटापा तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में वजन कम करने के लिए लोग कई तरीके अपनाते हैं, लेकिन सही डाइट और नियमित मेहनत के बिना बेहतर परिणाम मिलना मुश्किल होता है। डाइटीशियन और फिटनेस कोच शिवानी सिंह ने अपनी वेट लॉस जर्नी शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने घर पर सही डाइट और नियमित वर्कआउट की मदद से सिर्फ पांच महीने में 20 किलो वजन कम किया।
शिवानी सिंह ने बताया कि कॉलेज के समय उनका वजन काफी बढ़ गया था। उस दौरान वह ज्यादा जंक फूड का सेवन करती थीं, जिसका असर धीरे-धीरे उनके वजन पर पड़ा। जब उन्हें महसूस हुआ कि वजन नियंत्रण में लाना जरूरी है तो उन्होंने अपनी लाइफस्टाइल में बदलाव किया और घर से ही फिटनेस जर्नी शुरू की।
उन्होंने बताया कि करीब चार महीने तक उन्होंने बिना जिम जाए घर पर ही वर्कआउट किया और अपनी डाइट पर पूरा ध्यान दिया। वजन कम होने के बाद उन्होंने स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के लिए जिम ज्वाइन किया। उनका कहना है कि वजन घटाने के लिए क्रैश डाइट या बहुत ज्यादा मेहनत करने के बजाय लगातार सही आदतों को अपनाना ज्यादा जरूरी है।
### सुबह की शुरुआत हल्दी पानी से
शिवानी सिंह ने बताया कि वह अपने दिन की शुरुआत हल्दी और अदरक वाले पानी से करती थीं। उनका मानना है कि यह शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ पाचन तंत्र को बेहतर रखने में मदद करता है। इसके बाद वह अपने दिनभर के खाने में प्रोटीन और फाइबर से भरपूर चीजों को शामिल करती थीं।
### ब्रेकफास्ट में लेती थीं प्रोटीन फूड
वजन कम करने के दौरान शिवानी अपने नाश्ते में अंडा, ओट्स और लो फैट हाई प्रोटीन स्मूदी का सेवन करती थीं। उनका फोकस ज्यादा प्रोटीन लेने पर था, ताकि शरीर को पर्याप्त ऊर्जा मिले और लंबे समय तक भूख महसूस न हो।
### स्नैक्स में फल और मखाना
शिवानी ने बताया कि बीच के समय में वह सेब और मखाने खाती थीं। इसके अलावा वह ग्रीन टी भी लेती थीं। उनका कहना है कि अगर भूख नहीं लग रही है तो जबरदस्ती खाने की जरूरत नहीं है, लेकिन शरीर को पर्याप्त पोषण देना जरूरी है।
### लंच में हाई प्रोटीन और फाइबर डाइट
दोपहर के खाने में शिवानी हाई प्रोटीन और हाई फाइबर फूड्स को प्राथमिकता देती थीं। उनकी डाइट में करीब 200 ग्राम चिकन, 50 ग्राम चावल और सब्जियां शामिल थीं। इसके साथ वह चुकंदर और खीरा भी खाती थीं, जिससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिल सकें।
### जल्दी करती थीं डिनर
शिवानी सिंह वजन घटाने के दौरान रात का खाना जल्दी खाती थीं। वह कोशिश करती थीं कि डिनर रात 7:30 बजे से पहले हो जाए। रात के खाने में वह चिकन सलाद, क्विनोआ, टोफू और पनीर जैसी प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल करती थीं।
मीठा खाने की इच्छा होने पर वह सीमित मात्रा में खजूर या डार्क चॉकलेट लेती थीं। उनका कहना है कि वजन घटाने के लिए पूरी तरह से पसंदीदा चीजों को छोड़ना जरूरी नहीं है, बल्कि मात्रा और संतुलन का ध्यान रखना चाहिए।
शिवानी सिंह की वेट लॉस जर्नी बताती है कि सही डाइट, नियमित एक्सरसाइज और अनुशासन के साथ घर पर रहकर भी वजन कम किया जा सकता है। हालांकि हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है, इसलिए वजन घटाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर होता है।





