लाइफ स्टाइल

शरीर को मजबूत और दिमाग को तरोताजा करता है उत्तानासन, जोड़ों के दर्द में भी देता है राहत

jantaserishta.com
28 July 2025 2:19 PM IST
शरीर को मजबूत और दिमाग को तरोताजा करता है उत्तानासन, जोड़ों के दर्द में भी देता है राहत
x
नई दिल्ली: योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर और मन को एक साथ जोड़ने का बेहद आसान तरीका है। यह हमें स्वस्थ रहने के साथ-साथ मानसिक शांति भी देता है। योग का अभ्यास करने से हमारी ऊर्जा बनी रहती है और हम दिनभर ताजगी महसूस करते हैं। इसी योग के कई आसनों में से एक है 'उत्तानासन,' जो शरीर को मजबूत और दिमाग को तरोताजा करता है।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के मुताबिक, उत्तानासन योग का एक ऐसा आसन है जो शरीर के कई हिस्सों को स्ट्रेच करता है। जो लोग लंबे समय तक बैठे रहते हैं या कंप्यूटर पर काम करते हैं, उनके लिए यह आसन बहुत फायदेमंद साबित होता है। यह आसन शरीर के कई हिस्सों में खिंचाव लाकर मांसपेशियों को आराम देता है और खासतौर पर पिंडली, जांघ, कमर और पीठ की मांसपेशियों को मजबूत करता है।
इससे मानसिक तनाव कम होता है। उत्तानासन योग का अभ्यास दिमाग को शांत करने में मदद करता है। जब हम इस आसन को करते हैं, तो शरीर के निचले हिस्से से खून दिमाग की तरफ तेजी से जाता है। इससे दिमाग में ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ती है, जो मानसिक तनाव को कम करने में मदद करती है।
उत्तानासन सिरदर्द और अनिद्रा में भी लाभकारी है। इस आसन को करते समय जब हम अपने शरीर को आगे झुकाते हैं, तो इससे मस्तिष्क में बेहतर रक्त संचार होता है, जो सिरदर्द को कम करता है और तनाव घटाकर अच्छी नींद लाने में मदद करता है।
यह पाचन तंत्र को भी मजबूत करता है और भोजन जल्दी पचता है। जब हम इस आसन को करते हैं, तो पेट और पेट के आसपास की मांसपेशियों पर खिंचाव पड़ता है, जिससे पाचन तंत्र सक्रिय होता है। इससे गैस, कब्ज और अपच जैसी परेशानियों में राहत मिलती है।
जांघों और घुटनों की मजबूती के लिए उत्तानासन बेहद जरूरी है। इस आसन को करने के दौरान जब हम नीचे की ओर झुकते हैं, तो मांसपेशियों पर दबाव पड़ता है। इससे जोड़ों में दर्द आदि से राहत मिलती है और शरीर का संतुलन भी बेहतर होता है।
उत्तानासन करने के लिए सबसे पहले सीधे खड़े हो जाएं और दोनों हाथों को हिप्स पर रखें। इसके बाद गहरी सांस लें और कमर को मोड़ते हुए धीरे-धीरे आगे की ओर झुकना शुरू करें। अब अपने हाथों से टखने पकड़ लें और पैर एक-दूसरे के समानांतर और सीध में रखें। इस स्थिति में 30 सेकंड से 1 मिनट तक बने रहें। आखिर में धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए फिर से सीधे खड़े हो जाएं।
इस योगासन को करते समय कुछ सावधानियां भी जरूरी हैं। अगर आपकी पीठ या कमर में चोट है तो उत्तानासन न करें। वहीं साइटिका जैसी समस्या वाले लोगों के लिए यह आसन सख्त मना है, क्योंकि यह दर्द को बढ़ा सकता है। इसके अलावा, गर्भावस्था के दौरान डॉक्टर की सलाह के बिना इस योगासन का अभ्यास न करें।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story