लाइफ स्टाइल

वजन बढ़ने की समस्या से हैं परेशान? तो इन चीजों को करे शामिल होगा लाभ

Shiddhant Shriwas
11 Sep 2021 5:56 AM GMT
वजन बढ़ने की समस्या से हैं परेशान? तो इन चीजों को करे  शामिल होगा लाभ
x
युवाओं में बढ़ते हुए वजन की समस्या को स्वास्थ्य विशेषज्ञ भविष्य के लिए काफी गंभीर संकेत मान रहे हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। युवाओं में बढ़ते हुए वजन की समस्या को स्वास्थ्य विशेषज्ञ भविष्य के लिए काफी गंभीर संकेत मान रहे हैं। हाल ही में द लैंसेट डायबिटीज एंड एंडोक्रिनोलॉजी में प्रकाशित एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने चेताया है कि अगले 10 वर्षों में 18-24 साल के युवाओं में मोटापे का खतरा चार से छह गुना तक बढ़ सकता है। वैज्ञानिकों का कहना है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए वजन कम करने वाले उपायों पर सभी लोगों को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, जो लोग अधिक वजन की समस्या से परेशान हैं उन्हें आहार का विशेष ध्यान रखना चाहिए। हम क्या खाते हैं और कितना खाते हैं, यह सीधे हमारे वजन को प्रभावित करता है।

जब बात वजन कम करने की आती है, तो हमें उन खाद्य पदार्थों के बारे में पता होना चाहिए जिनका सेवन इसमें सहायक हो सकता है। वजन कम करने की दिशा में यह सबसे पहला और महत्वपूर्ण कदम माना जाता है। कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे हो सकते हैं, जिन्हें वैसे तो हम हल्के में लेते हैं लेकिन वजन कम करने में वह बेहद फायदेमंद साबित हो सकते हैं। आइए आगे की स्लाइडों में ऐसे ही कुछ खाद्य पदार्थों के बारे में जानते हैं।

शकरकंद का सेवन है बेहद फायदेमंद

अक्सर वजन घटाने वाले आहारों में शकरकंद को सबसे कम रेटिंग वाला खाद्य पदार्थ माना जाता है, लेकिन यह कितना फायदेमंद साबित हो सकता है, इससे हम अक्सर अनजान रह जाते हैं। फाइबर से भरपूर और कैलोरी में कम होने के कारण शकरकंद वजन को कम करने में सहायक आहार हो सकता है। शकरकंद का सेवन भूख को कम कर देता है जिससे आसानी से वजन कम किया जा सकता है। इसके अलावा इसे विटामिन ए और सी का अच्छा स्रोत माना जाता है जो शरीर के लिए बेहद आवश्यक होते हैं।

मशरूम हो सकता है बेहतर विकल्प

आमतौर पर शाकाहारी लोगों के लिए मशरूम, मांस का एक बढ़िया विकल्प माना जाता है, पर बहुत कम लोगों को पता होगा कि इसमें पाए जाने वाले पोषक तत्व वजन घटाने में काफी सहायक हो सकते हैं। मशरूम में एंटीऑक्सिडेंट की उच्च मात्रा होती है, इसके अलावा इससे प्रोटीन और फाइबर भी प्राप्त किया जा सकता है। अध्ययनों से यह भी संकेत मिलता है कि मशरूम खाने से तृप्ति का एहसास होता है, जिससे उच्च कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों की खपत कम हो सकती है।

सेब में होते हैं वजन कम करने वाले गुण

जब वजन घटाने की बात आती है, तो हम अक्सर कुछ खाद्य पदार्थों को बहुत अधिक महत्व देते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सेब का सेवन इसमें काफी फायदेमंद हो सकता है। कई प्रकार की बीमारियों के खतरे को कम करने के साथ सेब, वजन कम करने में भी सहायक है। सेब में कैलोरी की मात्रा कम जबकि फाइबर की मात्रा अधिक होती है। यह पाचन को स्वस्थ बनाए रखने के साथ आपको अधिक समय तक पेट भरा हुआ महसूस करा सकता है, जिससे अतिरिक्त कैलोरी की खपत कम की जा सकती है।

रोज खाएं बादाम

आमतौर पर बादाम को बॉडीबिल्डरों का सबसे पसंदीदा नट्स माना जाता है। बादाम में हेल्दी फैट की मात्रा अधिक होती है, ऐसे में इसे सेहत के लिए विशेष लाभदायक माना जा सकता है। हालांकि ध्यान रखने वाली बात यह है कि बादाम में कैलोरी की मात्रा भी अधिक होती है, ऐसे में इसका बहुत अधिक मात्रा में सेवन नहीं किया जाना चाहिए। यह प्रोटीन और फाइबर सहित तमाम अन्य पोषक तत्वों का एक समृद्ध स्रोत है जो वजन कम करने के साथ शरीर के लिए कई अन्य प्रकार से फायदेमंद साबित हो सकता है।

Next Story