- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- भोपाल की खूबसूरती के...
भोपाल की खूबसूरती के कायल हुए मुसाफिर, जानें खास जगहें

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, ऐतिहासिक धरोहरों और शांत वातावरण के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। अब हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज 'मुसाफिर कैफे' के जरिए भोपाल की खूबसूरत लोकेशंस एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। इस सीरीज की शूटिंग के कुछ हिस्से भोपाल में किए गए हैं, जहां शहर की झीलों, संग्रहालयों और प्राकृतिक स्थलों को बेहद खूबसूरत अंदाज में दिखाया गया है। 'मुसाफिर कैफे' एक उपन्यास पर आधारित वेब सीरीज है, जिसमें चंदर, सुधा और प्रीति के बीच लव ट्राइएंगल की कहानी दिखाई गई है। कहानी के साथ-साथ सीरीज की शूटिंग लोकेशन भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। भोपाल की कई ऐसी जगहों को इसमें शामिल किया गया है, जो किसी हिल स्टेशन से कम खूबसूरत नहीं लगतीं।
भोजताल: भोपाल की पहचान
मुसाफिर कैफे में दिखाए गए प्रमुख स्थानों में भोजताल सबसे खास है। इसे बड़ा तालाब भी कहा जाता है। यह भोपाल की पहचान माना जाता है और देश के सबसे बड़े मानव निर्मित तालाबों में से एक है। इतिहास के अनुसार, इसे 11वीं शताब्दी में राजा भोज ने बनवाया था, जिसके कारण इसका नाम भोजताल पड़ा। यह विशाल झील न सिर्फ शहर की सुंदरता बढ़ाती है, बल्कि भोपाल के लोगों के लिए पानी का एक महत्वपूर्ण स्रोत भी है। यहां आने वाले पर्यटक बोटिंग और क्रूजिंग का आनंद ले सकते हैं। झील के किनारे बैठकर सूर्यास्त का नजारा देखना पर्यटकों को काफी पसंद आता है। भोजताल के पास बनी राजा भोज की विशाल प्रतिमा भी आकर्षण का केंद्र है। झील के आसपास कई कैफे भी मौजूद हैं, जहां बैठकर लोग खूबसूरत नजारों के बीच अपने दोस्तों और परिवार के साथ समय बिता सकते हैं। यही वजह है कि यह जगह फिल्म और वेब सीरीज की शूटिंग के लिए भी पसंद की जाती है।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय: संस्कृति की झलक
भोपाल का इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय भी 'मुसाफिर कैफे' में दिखाई गई खूबसूरत जगहों में शामिल है। श्यामला हिल्स की पहाड़ियों पर लगभग 200 एकड़ क्षेत्र में फैला यह संग्रहालय भारत की विविध संस्कृति और जनजातीय जीवनशैली को दर्शाता है। यह सामान्य संग्रहालयों से अलग है, क्योंकि यहां खुले वातावरण में आदिवासी कला, पारंपरिक घरों, रीति-रिवाजों और जीवनशैली को प्रदर्शित किया गया है। यहां घूमते समय पर्यटकों को ऐसा अनुभव होता है जैसे वे देश के अलग-अलग हिस्सों की संस्कृति को करीब से देख रहे हों।
वन विहार राष्ट्रीय उद्यान: प्रकृति के बीच रोमांच
भोजताल के पास स्थित वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भी भोपाल की खूबसूरत जगहों में शामिल है। यह देश के उन चुनिंदा राष्ट्रीय उद्यानों में से एक है, जो शहर के बीचों-बीच स्थित है। यहां पर्यटक प्राकृतिक वातावरण में कई वन्यजीवों और पक्षियों को देख सकते हैं। वन विहार में बाघ, तेंदुआ, भालू, मगरमच्छ और कई अन्य वन्यजीव मौजूद हैं। इसके अलावा सर्दियों के मौसम में यहां कई प्रवासी पक्षी भी पहुंचते हैं, जो पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। पार्क में घूमने के लिए पैदल और साइकिल ट्रैक भी बनाए गए हैं। भोपाल की खासियत यह है कि यहां इतिहास, संस्कृति और प्रकृति तीनों का अनोखा संगम देखने को मिलता है। यही कारण है कि यह शहर पर्यटकों और फिल्म निर्माताओं की पसंद बनता जा रहा है। 'मुसाफिर कैफे' ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भोपाल सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि खूबसूरत अनुभवों से भरी एक शानदार यात्रा है।





