लाइफ स्टाइल

एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन-सी से भरपूर है गर्मियों में ये रसदार फल

Tara Tandi
16 Jun 2022 9:39 AM GMT
एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन-सी से भरपूर है गर्मियों में ये रसदार फल
x
गर्मियों के इस मौसम में सेहत के लिए फायदेमंद कई तरह के फल बाजार में बहुतायत में उपलब्ध होते हैं। आम जैसे फलों का तो लोगों को पूरे साल इंतजार रहता है

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। गर्मियों के इस मौसम में सेहत के लिए फायदेमंद कई तरह के फल बाजार में बहुतायत में उपलब्ध होते हैं। आम जैसे फलों का तो लोगों को पूरे साल इंतजार रहता है। ये फल न सिर्फ आपको बेहतर स्वाद का एहसास दिलाते हैं, साथ ही सेहत के लिहाज से भी इन्हें काफी फायदेमंद माना जाता है। लीची ऐसा ही एक फल है जिसे अध्ययनों में सेहत के लिए काफी लाभकारी बताया गया है। लीची एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन-सी से भरपूर होती है जो शरीर के लिए कई प्रकार से फायदेमंद हो सकती है। इसका नियमित सेवन करना आपको कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम से बचा सकता है।

लीची, मुख्य रूप से पानी और कार्ब्स से भरपूर फल है। इसमें 82 फीसदी पानी और 16.5 प्रतिशत कार्ब्स पाया जाता है, ऐसे में यह फल आपको गर्मियों में डिहाइड्रेशन के जोखिम से बचाने में सहायक हो सकती है। इसके अलावा लीची में फाइबर भी पाया जाता है जो इसे पेट के लिए फायदेमंद फल बनाता है। यह फल आपके दैनिक विटामिन-सी की 9 फीसदी आवश्यकताओं की भी पूर्ति कर सकती है। आइए इससे होने वाले फायदों और दुष्प्रभावों के बारे में जानते हैं।
एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर लीची
गर्मियों के इस रसदार फल में शरीर के लिए अति आवश्यक एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। कई अन्य फलों की तुलना में लीची में उच्च स्तर के पॉलीफेनोल्स नामक एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं। यह फल एपिक्टिन का भी भंडार है जो हृदय स्वास्थ्य में सुधार करके कैंसर के विकास को भी कम कर सकता है।
लीची में रुटिन नामक एंटीऑक्सीडेंट भी होता है। फूड केमिस्ट्री जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, रुटिन मानव शरीर को कई तरह की क्रोनिक बीमारियों से बचाने में मदद करता है।
विटामिन-सी का अच्छा स्रोत
शरीर के लिए नियमित रूप से विटामिन सी की आवश्यकता होती है, लीची का सेवन इसमें आपके लिए सहायक माना जाता है। विटामिन-सी शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने के साथ कई प्रकार के रोग और संक्रमण के जोखिम को कम करने में सहायक है। 100 ग्राम लीची में 72 मिलीग्राम विटामिन-सी होता है। लीची में विटामिन-बी और मैग्नीशियम-पोटेशियम जैसे खनिज भी होते हैं।
पाचन स्वास्थ्य के लिए बेहतर
कुछ अध्ययनों से पता चलता है कि लीची, फाइबर से भरपूर होती है जो मल त्याग को आसान बनाने के साथ कब्ज और पेट से संबंधित अन्य समस्याओं को ठीक करने में सहायक है। लीची का सेवन करने से पेट भरा हुआ रहता है जिससे अतिरिक्त खाने की इच्छा नहीं होती है, ऐसे में वजन कम करने के लिए भी इसे फायदेमंद फलों में से एक माना जा सकता है।
लीची के साइड-इफेक्ट्स
वैसे तो अध्ययनों में लीची को कई तरह के स्वास्थ्य लाभ वाला बताया गया है, हालांकि कुछ लोगों में यह एलर्जी का कारण बन सकती है। शोध में पाया गया है कि लीची खाने के कारण कुछ लोगों को त्वचा में खुजली-लालिमा और सांस की तकलीफ जैसी एलर्जिक प्रतिक्रियाएं हो सकती हैं। विशेषज्ञ इसमें कम मात्रा में सेवन की सलाह देते हैं। अधिक मात्रा में लीची खाने से बुखार या कुछ लोगों में दौरे पड़ने जैसी दिक्कतें भी हो सकती हैं।
Next Story