लाइफ स्टाइल

लौकी के कोफ्ते की पतली ग्रेवी से हैं परेशान? ये ट्रिक बदल देगी पूरा स्वाद

Ratna Netam
3 Aug 2026 5:17 PM IST
लौकी के कोफ्ते की पतली ग्रेवी से हैं परेशान? ये ट्रिक बदल देगी पूरा स्वाद
x

लाइफ स्टाइल : लौकी की सब्जी का नाम सुनते ही कई लोग मुंह बना लेते हैं, लेकिन अगर यही लौकी स्वादिष्ट कोफ्ते के रूप में बनाई जाए तो इसे हर कोई बड़े चाव से खाना पसंद करता है। लौकी के कोफ्ते भारतीय घरों में बनने वाली ऐसी खास डिश है, जो साधारण सब्जी को भी स्पेशल बना देती है। हालांकि, कई लोगों की शिकायत होती है कि लौकी के कोफ्ते की ग्रेवी अक्सर पतली रह जाती है, जिससे सब्जी का स्वाद कम हो जाता है।

पतली ग्रेवी में कोफ्ते खाने का मजा नहीं आता और चावल के साथ भी करी फीकी लगने लगती है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। शेफ शिखा की बताई गई आसान ट्रिक से आप घर पर ही होटल जैसी गाढ़ी और स्वादिष्ट ग्रेवी वाले लौकी के कोफ्ते तैयार कर सकते हैं।

इस खास रेसिपी में ग्रेवी को गाढ़ा और रिच बनाने के लिए काजू का पेस्ट, फेंटा हुआ दही और मलाई का इस्तेमाल किया जाता है। ये तीनों चीजें ग्रेवी को न सिर्फ गाढ़ापन देती हैं बल्कि इसका स्वाद भी कई गुना बढ़ा देती हैं।

लौकी के कोफ्ते बनाने के लिए आपको सबसे पहले सामग्री तैयार करनी होगी। कोफ्ते के लिए 2 कप कद्दूकस की हुई लौकी, आधा कप बेसन, 2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, चौथाई चम्मच हल्दी, आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी। इसके अलावा कोफ्ते तलने के लिए तेल चाहिए होगा।

ग्रेवी के लिए 2 बारीक कटे प्याज, 2 टमाटर की प्यूरी, 10 से 12 भीगे हुए काजू का पेस्ट, 2 बड़े चम्मच फेंटा हुआ दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, जीरा, तेजपत्ता, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च, गरम मसाला, कसूरी मेथी, ताजी मलाई या फ्रेश क्रीम, तेल, घी और हरा धनिया चाहिए होगा।

लौकी के कोफ्ते बनाने की शुरुआत कद्दूकस की हुई लौकी को निचोड़कर करें। ध्यान रखें कि लौकी से निकला पानी फेंकना नहीं है, क्योंकि इसे बाद में ग्रेवी में इस्तेमाल किया जा सकता है। अब निचोड़ी हुई लौकी में बेसन, कॉर्नफ्लोर, नमक और सभी मसाले डालकर अच्छी तरह मिलाएं।

इस मिश्रण से छोटे-छोटे गोले बनाएं और गर्म तेल में सुनहरा होने तक तल लें। कोफ्ते तैयार होने के बाद इन्हें अलग रख दें।

अब बारी आती है स्वादिष्ट ग्रेवी तैयार करने की। इसके लिए कड़ाही में तेल और थोड़ा घी गर्म करें। इसमें जीरा और तेजपत्ता डालकर तड़काएं। इसके बाद प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ देर पकाएं।

अब इसमें टमाटर की प्यूरी, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालकर अच्छी तरह भूनें। मसाले को तब तक पकाएं जब तक तेल अलग न होने लगे। यही स्टेप ग्रेवी के स्वाद को बढ़ाने में सबसे अहम होता है।

ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए अब इसमें काजू का पेस्ट और फेंटा हुआ दही डालें। इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए 4 से 5 मिनट तक पकाएं। इसके बाद इसमें मलाई, कसूरी मेथी और गरम मसाला डालें। मलाई डालने से ग्रेवी का टेक्सचर बिल्कुल होटल जैसी रिच और क्रीमी हो जाएगा।

अगर ग्रेवी ज्यादा गाढ़ी हो जाए तो इसमें लौकी का बचा हुआ पानी थोड़ा-थोड़ा करके मिला सकते हैं। इससे स्वाद भी बना रहेगा और ग्रेवी की सही कंसिस्टेंसी भी आ जाएगी।

जब मसाला पूरी तरह तैयार हो जाए तो इसमें पहले से बने हुए कोफ्ते डालें और करीब 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। इसके बाद ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं।

अब आपकी होटल स्टाइल लौकी के कोफ्ते की सब्जी तैयार है। इसे गर्मागर्म रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है। इस आसान सीक्रेट ट्रिक से आपकी साधारण लौकी की सब्जी भी स्वाद और लुक में किसी रेस्टोरेंट की स्पेशल डिश जैसी लगने लगेगी।

Next Story