लाइफ स्टाइल

मास्क लगाने के बाद स्किन में जलन? हो जाएं अलर्ट

Saba Naaz
3 July 2026 8:26 PM IST
मास्क लगाने के बाद स्किन में जलन? हो जाएं अलर्ट
x

लाइफ स्टाइल: आज के समय में चेहरे की देखभाल के लिए फेस मास्क का इस्तेमाल काफी बढ़ गया है। खासकर महिलाएं अपनी त्वचा को चमकदार और तरोताजा बनाने के लिए अलग-अलग तरह के मास्क का उपयोग करती हैं। लेकिन स्किन एक्सपर्ट्स का कहना है कि नकली या गलत केमिकल वाले फेस मास्क का इस्तेमाल त्वचा के लिए गंभीर नुकसानदायक हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार बाजार में मिलने वाले कुछ सस्ते या नकली ब्यूटी प्रोडक्ट्स में हानिकारक केमिकल होते हैं, जो त्वचा की प्राकृतिक संरचना को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से चेहरे पर जलन, खुजली और लालपन जैसी समस्याएं शुरू हो सकती हैं। कई मामलों में त्वचा पर छोटे-छोटे रैशेज और सूजन भी देखी जाती है।

डॉक्टरों का कहना है कि अगर कोई फेस मास्क स्किन को सूट नहीं करता, तो तुरंत उसका इस्तेमाल बंद कर देना चाहिए और चेहरा साफ पानी से धो लेना चाहिए। सेंसिटिव स्किन वाले लोगों में एलर्जी और इन्फेक्शन का खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है। विशेषज्ञ यह भी बताते हैं कि गलत फेस मास्क स्किन के पोर्स और बैरियर को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे त्वचा कमजोर हो जाती है और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। कई बार इससे छोटे-छोटे कट भी बन सकते हैं, जो आगे चलकर समस्या को बढ़ा सकते हैं।

पील ऑफ मास्क को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। इसका अधिक इस्तेमाल त्वचा की प्राकृतिक नमी को खत्म कर देता है, जिससे ड्राइनेस बढ़ सकती है। कुछ लोगों में इसके बाद रेडनेस और दाने भी दिखाई देते हैं। स्किन एक्सपर्ट्स का कहना है कि फेस मास्क का चुनाव हमेशा अपनी त्वचा के प्रकार के अनुसार करना चाहिए। ड्राई और सेंसिटिव स्किन के लिए हाइलूरोनिक एसिड, सेरामाइड, ग्लिसरीन और ओटमील वाले मास्क बेहतर माने जाते हैं। वहीं ऑयली और एक्ने प्रोन स्किन के लिए क्ले, नियासिनामाइड और सैलिसिलिक एसिड वाले मास्क अधिक उपयुक्त होते हैं।

एंटी-एजिंग के लिए विटामिन C और पेप्टाइड वाले हाइड्रेटिंग मास्क फायदेमंद बताए गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि सही प्रोडक्ट और सावधानी से उपयोग करने पर ही स्किन को सुरक्षित और हेल्दी रखा जा सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि किसी भी नए फेस मास्क का इस्तेमाल करने से पहले उसकी गुणवत्ता जांच लें और किसी भी तरह की असामान्य प्रतिक्रिया होने पर तुरंत उसका उपयोग बंद कर दें।

Next Story