लाइफ स्टाइल

युवाओं की बाल समस्या में सर्वांगासन उपयोगी

Ratna Netam
15 Jun 2026 2:26 PM IST
युवाओं की बाल समस्या में सर्वांगासन उपयोगी
x
योग फॉर हेल्दी एजिंग’ रखा गया है।

New Delhi नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 (21 जून) अब कुछ ही दिन दूर है। इस वर्ष योग दिवस का मुख्य विषय ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ रखा गया है। इसी के तहत भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने लोगों को सर्वांगासन के नियमित अभ्यास की सलाह दी है। इसे योग में “आसनों की रानी” भी कहा जाता है।

मंत्रालय के अनुसार आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली, तनाव और असंतुलित खान-पान के कारण कई युवाओं में समय से पहले बाल सफेद होने की समस्या बढ़ रही है। ऐसे में नियमित योग अभ्यास, विशेषकर सर्वांगासन, इस समस्या को नियंत्रित करने में सहायक हो सकता है।

सर्वांगासन को कंधे के बल किया जाने वाला आसन कहा जाता है, जिसमें व्यक्ति पीठ के बल लेटकर पैरों को ऊपर उठाता है और पूरे शरीर का भार कंधों पर संतुलित करता है। इस अभ्यास से शरीर में रक्त संचार बेहतर होता है, जिससे सिर और स्कैल्प तक अधिक ऑक्सीजन और पोषण पहुंचता है। इससे बालों की जड़ों को मजबूती मिलती है और सफेद होने की प्रक्रिया धीमी पड़ सकती है।

आयुष मंत्रालय के अनुसार यह आसन केवल बालों की समस्या तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे थायरॉइड और अन्य एंडोक्राइन ग्रंथियों की कार्यप्रणाली भी संतुलित होती है। इससे हार्मोन बैलेंस में मदद मिलती है।

इसके अलावा सर्वांगासन पाचन तंत्र को मजबूत करने में भी सहायक माना जाता है। यह अपच और कब्ज जैसी समस्याओं में राहत दे सकता है। साथ ही यह शरीर में ऊर्जा बढ़ाता है और मानसिक शांति प्रदान करता है।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि योग किसी बीमारी की दवा नहीं है, बल्कि एक स्वस्थ जीवनशैली है। विशेषज्ञों के अनुसार रोजाना 10 से 15 मिनट सर्वांगासन का अभ्यास करने से लंबे समय तक स्वास्थ्य लाभ मिल सकता है। हर उम्र के लोगों को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी गई है।

Next Story