लाइफ स्टाइल

ऑनलाइन खिलौने खरीदने से पहले पढ़े ये खबर, जानिए कैसे बच्चो के लिए खतरा बन गए हैं ये

Renuka Sahu
6 Aug 2021 6:21 AM GMT
ऑनलाइन खिलौने खरीदने से पहले पढ़े ये खबर, जानिए कैसे बच्चो के लिए खतरा बन गए हैं ये
x

फाइल फोटो 

कोरोना महामारी में लागू लॉकडाउन के दौरान बच्चे घरों में बंद रहे और उनके मनोरंजन का सहारा मोबाइल, लैपटॉप और तमाम तरह के खिलौने ही बने। अब एक नए अध्ययन में दावा किया गया है कि ऑनलाइन खरीदे गए प्लास्टिक के खिलौने आपके बच्चे की सेहत के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। कोरोना महामारी में लागू लॉकडाउन के दौरान बच्चे घरों में बंद रहे और उनके मनोरंजन का सहारा मोबाइल, लैपटॉप और तमाम तरह के खिलौने ही बने। अब एक नए अध्ययन में दावा किया गया है कि ऑनलाइन खरीदे गए प्लास्टिक के खिलौने आपके बच्चे की सेहत के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। एक परीक्षण के दौरान करीब आधे प्लास्टिक के खिलौने सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरे।

ब्रिटेन का उत्पाद सुरक्षा नियामक, उत्पाद सुरक्षा और मानक कार्यालय, वर्तमान में ऑनलाइन बिक्री के विनियमन सहित उत्पाद सुरक्षा प्रणाली की समीक्षा कर रहा है। उसने मशहूर ऑनलाइन साइटों जैसे अमेजन, अलीएक्सप्रेस, ईबे और विश पर बेचे जा रहे प्लास्टिक के खिलौनों का सुरक्षा परीक्षण किया। इस दौरान बच्चों के बीच सबसे ज्यादा लोकप्रिय 50 खिलौनों को सुरक्षा की कसौटी पर मापा गया। विभिन्न मानकों को लेकर किए गए इस सुरक्षा परीक्षण में इनमें से 28 उत्पाद पूरी तरह से विफल साबित हुए। सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरे प्लास्टिक के खिलौनों में से 12 को बेहद घातक करार दिया गया।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इन खिलौनों में 50 किस्म की सुरक्षा खामियां पाई गईं हैं। परीक्षण के बाद विशेषज्ञों ने दावा किया कि सुरक्षा परीक्षण में असफल साबित हुए खिलौनों के इस्तेमाल से बच्चों में घुटन जैसे जोखिम ज्यादा देखे गए। 10 तरह के खिलौनों को दम घुटने के खतरे से जोड़कर देखा गया।
विशेषज्ञों ने माता-पिता को चेतावनी देते हुए इस तरह के खिलौनों से अपने बच्चों को दूर रखने की सलाह दी है। उपभोक्ता संरक्षण नीति के प्रमुख, सू डेविस ने कहा कि कई माता-पिता हमारे अध्ययन से चकित होंगे, मगर यह आंखें खोलने वाला मामला है। उपभोक्ताओं को यह भरोसा करने में सक्षम होना चाहिए कि बेचे जाने वाले उत्पाद सुरक्षा मानकों को पूरा करते हैं।
मैग्नेट और बैटरी से चलने वाले खिलौने बेहद खतरनाक
सुरक्षा परीक्षण में शामिल कुछ खिलौने जिनमें मैग्नेट या फिर बैटरी थी उन्हें सबसे ज्यादा घातक करार दिया गया। बच्चों द्वारा मैग्नेट निगलने से बड़ी समस्या पैदा हो सकता हैं। इसके साथ ही बच्चों में बेहद पसंद किया जाने वाला डॉक्टर सेट विशेषज्ञों की नजर में कई मायनों में खतरनाक साबित हुआ है। इस जांच के दौरान इन आंकड़ों पर भी ध्यान केंद्रित किया गया कि इस तरह के खिलौनों को किस मार्केटप्लेस पर सर्वाधिक बेचा गया।
कई तरह के जानलेवा केमिकल का भी किया जाता है उपयोग
प्लास्टिक में बीपीए यानी बिसफेनॉल- ए जैसे टॉक्सिक रसायन होते हैं। बीपीए का प्रयोग कई प्लास्टिक की चीजों में किया जाता है, जिसमें खिलौने भी शामिल हैं। टेक्निकल यूनिवर्सिटी ऑफ डेनमार्क के एक पूर्व अध्ययन में शोधकर्ताओं ने हार्ड, सॉफ्ट और फोम प्लास्टिक मटेरियल से बने खिलौनों में करीब 419 केमिकल पाए थे। इसमें से 126 केमिकल ऐसे हैं, जो बच्चों में कैंसर जैसी कई बड़ी बीमारियों की वजह बन सकते हैं।


Next Story