- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- अचार लंबे समय तक खराब...

नई दिल्ली। आम का अचार भारतीय रसोई का एक अहम हिस्सा है, जो दाल-चावल, पराठा, पूरी और रोटी के साथ स्वाद को और भी बढ़ा देता है। हालांकि कई बार घर पर बनाया गया अचार जल्दी खराब हो जाता है या उसमें फंगस लग जाती है। ऐसे में सही तरीका अपनाकर इसे लंबे समय तक सुरक्षित और स्वादिष्ट रखा जा सकता है।
अचार बनाने के लिए सबसे पहले अच्छी गुणवत्ता वाले कच्चे आम का चयन किया जाता है। आम को अच्छे से धोकर और पोंछकर सुखाया जाता है ताकि उसमें किसी भी तरह की नमी न रहे। इसके बाद आम को छोटे टुकड़ों में काटकर उन पर थोड़ा नमक डालकर कुछ घंटों के लिए धूप में रखा जाता है। इससे आम का अतिरिक्त पानी निकल जाता है और अचार लंबे समय तक सुरक्षित रहता है।
इसके बाद मसाले तैयार किए जाते हैं। आम के टुकड़ों में हल्दी, लाल मिर्च, सौंफ, मेथी दाना, कलौंजी, धनिया पाउडर, हींग, नमक और गरम मसाला मिलाया जाता है। सभी मसालों को अच्छी तरह मिलाकर हर टुकड़े पर समान रूप से कोट किया जाता है। अचार में सरसों का तेल मुख्य भूमिका निभाता है। तेल को पहले अच्छी तरह गर्म करके ठंडा किया जाता है, फिर इसे मसाले वाले आम में मिलाया जाता है। इससे अचार का स्वाद बढ़ता है और वह लंबे समय तक खराब नहीं होता।
अचार को खराब होने से बचाने के लिए इसमें थोड़ा नींबू का रस मिलाना भी फायदेमंद माना जाता है। साथ ही जिस जार में अचार रखा जाता है, वह पूरी तरह साफ और सूखा होना चाहिए। तैयार अचार को कांच के जार में भरकर अच्छी तरह बंद कर दिया जाता है और लगभग 10 दिनों तक रखा जाता है। इस दौरान बीच-बीच में सूखे चम्मच से हल्का मिक्स किया जा सकता है। 10 दिन बाद अचार खाने के लिए तैयार हो जाता है और समय के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
ध्यान रखने वाली बात यह है कि अचार में पानी बिल्कुल नहीं होना चाहिए, हमेशा सूखे बर्तनों का इस्तेमाल करें और जार को नमी वाली जगह पर न रखें। इस आसान तरीके से बनाया गया आम का अचार लंबे समय तक फ्रेश और स्वादिष्ट बना रहता है।





