लाइफ स्टाइल

30+ उम्र में फैट लॉस: सही डाइट है असली गेमचेंजर

Saba Naaz
5 July 2026 7:40 PM IST
30+ उम्र में फैट लॉस: सही डाइट है असली गेमचेंजर
x

नई दिल्ली। 30 की उम्र के बाद शरीर में कई बदलाव देखने को मिलते हैं, जिनमें मेटाबॉलिज्म का धीमा होना, मसल्स मास का कम होना और स्ट्रेस का बढ़ना शामिल है। इन्हीं कारणों से इस उम्र के बाद वजन घटाना पहले की तुलना में थोड़ा मुश्किल हो जाता है, लेकिन सही लाइफस्टाइल और स्मार्ट आदतों से इसे आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, वजन कम करने के लिए सबसे जरूरी है क्रैश डाइट से बचना और पोर्शन कंट्रोल अपनाना। भूखे रहने से मेटाबॉलिज्म और धीमा हो सकता है, जिससे वजन कम होने के बजाय बढ़ सकता है। इसलिए छोटे-छोटे हिस्सों में संतुलित आहार लेना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। थाली में हरी सब्जियां, सलाद और दालों की मात्रा बढ़ाकर और रोटी या चावल की मात्रा नियंत्रित करके बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।

इसके साथ ही डाइट में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाना भी बेहद जरूरी है। 30 के बाद मसल्स धीरे-धीरे कम होने लगते हैं, जिससे फैट बढ़ने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में दालें, पनीर, दही, चना, सोयाबीन, अंडे और लीन मीट जैसे प्रोटीन युक्त आहार शरीर को मजबूत रखते हैं और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराते हैं। फिटनेस के लिए सिर्फ कार्डियो या घंटों जिम में पसीना बहाना ही काफी नहीं है। इस उम्र में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग ज्यादा असरदार साबित होती है। हफ्ते में 2 से 3 दिन हल्के डम्बल या बॉडी वेट एक्सरसाइज करने से मसल्स मजबूत होते हैं और शरीर ज्यादा कैलोरी बर्न करता है।

पानी का सेवन भी वजन घटाने में अहम भूमिका निभाता है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं और मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है। दिनभर में 8 से 10 गिलास पानी पीना और भोजन से पहले एक गिलास पानी लेना ओवरईटिंग से बचाता है। इसके अलावा, नींद और स्ट्रेस मैनेजमेंट भी बहुत जरूरी है। लगातार तनाव लेने से शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन बढ़ता है, जो पेट की चर्बी बढ़ाने का काम करता है। वहीं, नींद पूरी न होने से भूख बढ़ाने वाले हार्मोन सक्रिय हो जाते हैं। इसलिए रोजाना 7 से 8 घंटे की गहरी नींद लेना और सोने से पहले मोबाइल व टीवी से दूरी बनाना जरूरी है।

कुल मिलाकर, 30 की उम्र के बाद वजन घटाना असंभव नहीं है, बल्कि यह सही डाइट, एक्सरसाइज और लाइफस्टाइल बदलाव के साथ पूरी तरह संभव है।

Next Story