लाइफ स्टाइल

बारिश में बनाएं क्रिस्पी पालक पकौड़े, तेल रहेगा कम

Ratna Netam
24 July 2026 9:02 PM IST
बारिश में बनाएं क्रिस्पी पालक पकौड़े, तेल रहेगा कम
x

नई दिल्ली : बारिश का मौसम आते ही गरमा-गरम पकौड़ों की क्रेविंग बढ़ जाती है। शाम के समय चाय के साथ कुरकुरे पकौड़े खाने का मजा ही अलग होता है। आमतौर पर लोग आलू, प्याज और पनीर के पकौड़े बनाते हैं, लेकिन अगर कुछ अलग और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं तो पालक के पत्तों की पकौड़ी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है।पालक की पकौड़ी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी अच्छी मानी जाती है, क्योंकि पालक में कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। हालांकि, कई लोगों की शिकायत होती है कि पालक के पत्तों की पकौड़ी बनाते समय वह ज्यादा तेल सोख लेती है या फिर बाहर से कुरकुरी नहीं बन पाती। इसी वजह से कई लोग पालक की पकौड़ी बनाने से बचते हैं।लेकिन कुछ आसान टिप्स अपनाकर पालक के पत्तों की पकौड़ी को बिना ज्यादा तेल सोखे बेहद क्रिस्पी और स्वादिष्ट बनाया जा सकता है।

पालक के पत्तों को रखें सूखा

पालक की पकौड़ी बनाने से पहले सबसे जरूरी बात यह है कि पत्ते पूरी तरह सूखे होने चाहिए। पालक को अच्छी तरह धोने के बाद किसी साफ कपड़े या पेपर पर फैलाकर रखें। इसे पंखे के नीचे कुछ समय के लिए सुखा लें। अगर पत्तों पर ज्यादा पानी रह जाएगा तो पकौड़ी तलते समय तेल ज्यादा सोख सकती है और कुरकुरापन भी कम हो सकता है।

बैटर का रखें सही ध्यान

पालक की पकौड़ी के लिए बेसन का घोल ज्यादा पतला नहीं होना चाहिए। पतला घोल तेल ज्यादा सोख सकता है। बेसन में थोड़ा-सा चावल का आटा या कॉर्न फ्लोर मिलाने से पकौड़ी ज्यादा कुरकुरी बनती है। इससे बाहरी परत अच्छी तरह क्रिस्पी हो जाती है और पकौड़ी लंबे समय तक कुरकुरी बनी रहती है।

मसालों का सही इस्तेमाल करें

पालक की पकौड़ी का स्वाद बढ़ाने के लिए बेसन में अजवाइन, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर और थोड़ा सा नमक मिलाया जा सकता है। अजवाइन न केवल स्वाद बढ़ाती है बल्कि पाचन में भी मदद करती है। इसके अलावा हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालने से पकौड़ी का स्वाद और बेहतर हो जाता है।

तेल का तापमान सही रखें

पकौड़ी तलते समय तेल का तापमान बहुत ज्यादा या कम नहीं होना चाहिए। अगर तेल ज्यादा ठंडा होगा तो पकौड़ी ज्यादा तेल सोखेगी और अगर तेल बहुत गर्म होगा तो बाहर से जल्दी लाल हो जाएगी लेकिन अंदर से कच्ची रह सकती है। मध्यम आंच पर पकौड़ी तलने से वह अच्छी तरह पकती है और कुरकुरी बनती है।

पालक को ज्यादा देर बैटर में न रखें

पालक के पत्तों को बेसन के घोल में मिलाने के बाद ज्यादा देर तक न छोड़ें। ज्यादा समय तक रखने से पालक पानी छोड़ने लगती है और बैटर पतला हो सकता है। इससे पकौड़ी का टेक्सचर खराब हो सकता है। बेहतर है कि बैटर तैयार करने के बाद तुरंत पकौड़ी तल लें।

तलने के बाद अपनाएं यह तरीका

पकौड़ी तलने के बाद उसे सीधे प्लेट में रखने की बजाय टिश्यू पेपर या जाली वाली प्लेट पर रखें। इससे अतिरिक्त तेल निकल जाएगा और पकौड़ी ज्यादा देर तक कुरकुरी बनी रहेगी।बारिश के मौसम में चाय के साथ पालक की कुरकुरी पकौड़ी का स्वाद परिवार के सभी सदस्यों को पसंद आ सकता है। बस कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप घर पर बाजार जैसी क्रिस्पी पालक पकौड़ी बना सकते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ कम तेल वाली भी होगी।

Next Story