लाइफ स्टाइल

जानिए शहद के सेवन को लेकर किन बातों का ध्यान रखना चाहिए

Tara Tandi
7 July 2022 6:24 AM GMT
जानिए शहद के सेवन को लेकर किन बातों का ध्यान रखना चाहिए
x
शहद का सेवन वर्षों से कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ के लिए किया जाता रहा है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। शहद का सेवन वर्षों से कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ के लिए किया जाता रहा है। चीनी के विकल्प के रूप में हो या फिर कई प्रकार के घरेलू उपायों के तौर पर, आयुर्वेद और मेडिकल साइंस दोनों में शहद के विशिष्ट गुणों का जिक्र मिलता है। कई अध्ययनों में जिक्र मिलता है कि सुबह खाली पेट गुनगुने पानी में नींबू के साथ शहद का सेवन करना आपकी सेहत के लिए विशेष लाभप्रद हो सकता है। शरीर से विषाक्त पदार्थों को निकालने के साथ वजन घटाने के लिए इसका प्रयोग काफी लाभकारी माना जाता रहा है।

पर क्या शहद के भी नुकसान हो सकते हैं? हाल ही में सद्गुरू ने शहद की विषाक्तता को लेकर सोशल मीडिया के एक पोस्ट में जिक्र किया है।
सद्गुरू कहते हैं, अगर सही तरीके से शहद का सेवन न किया जाए तो इसके कई प्रकार के नुकसान हो सकते हैं। विशेषकर शहद को किस तापमान पर रखा गया है, इसका बहुत प्रभाव होता है। मेडिकल साइंस में भी इस बात का जिक्र मिलता है कि कुछ स्थितियों में शहद, शरीर में विषाक्तता का कारण बन सकती है, जिसके कारण कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा रहता है। आइए जानते हैं कि शहद के सेवन को लेकर किन बातों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए?
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
सद्गुरू ने एक पोस्ट में बताया कि शहद को हमेशा ऐसे तापमान में रखना चाहिए जिससे यह सेवन के योग्य बना रहे। शहद के सेवन का सबसे अच्छा तरीका है इसे कच्चा यानी कि इसके स्रोत से खरीदा या निकाला जाता हो। यदि किसी पेय के साथ मिलाकर इसका सेवन करना चाहते हैं तो यह सुनिश्चित करें कि शहद मिलाने से पहले पेय को ठंडा किया जाए। आयुर्वेद भी बताता है कि गर्म चीजों में शहद मिलाकर इसका सेवन शरीर में विषाक्तता का कारण बन सकता है। इसके अलावा शहद का संयमित मात्रा में ही सेवन किया जाना चाहिए, इसके अधिक सेवन के कारण भी कई तरह की दिक्कतें हो सकती हैं।
ब्लड प्रेशर की समस्या
शहद में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद करते हैं, लेकिन इसके ज्यादा सेवन से हाइपोटेंशन का खतरा बढ़ सकता है। यानी कि जो लोग इसका अधिक मात्रा में सेवन करते हैं उनमें समय के साथ लो ब्लड प्रेशर की समस्या का खतरा हो सकता है जिसे सेहत के लिए कई प्रकार से नुकसानदायक माना जाता है। ब्लड प्रेशर के रोगियों को इस बारे में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
बढ़ सकता है ब्लड शुगर
ब्लड प्रेशर की ही तरह ब्लड शुगर वाले लोगों के लिए भी शहद के संयमित सेवन की सलाह दी जाती है। शहद में चीनी और कार्बोहाइड्रेट होते हैं इसलिए जब आप शहद का अधिक मात्रा में सेवन करते हैं तो इसके कारण डायबिटीज रोगियों के लिए समस्याओं के बढ़ने का खतरा हो सकता है। यदि आप मधुमेह रोगी हैं, तो बिना डॉक्टरी सलाह के शहद या किसी भी मीठी चीज के सेवन से बचना चाहिए।
दांतों की समस्या
बहुत अधिक मात्रा में शहद दांतों के सड़न को बढ़ावा दे सकता है। यूएसडीए नेशनल न्यूट्रिएंट डेटाबेस के अनुसार, लगभग शहद में लगभग 82% चीनी होता है और यह आपके दांतों को नुकसान पहुंचाने के लिए काफी है। इसके अलावा, शहद प्रकृति में चिपचिपा भी होता है, जिसका अर्थ है कि यह आपके दांतों से चिपककर दांतों की सड़न को बढ़ावा दे सकता है। इसलिए शहद के सेवन के बाद दांतों की सफाई बहुत आवश्यक मानी जाती है।
Next Story