लाइफ स्टाइल

जानिए इस तरह की चीजें आपको बना सकती हैं बीमार

Tara Tandi
7 Jun 2022 9:13 AM GMT
Know such things can make you sick
x
हम किस तरह के आहार का सेवन करते हैं, यह सीधे तौर पर हमारी सेहत को प्रभावित करता है। यही कारण है कि अध्ययनों में विशेषज्ञ सभी लोगों को स्वस्थ और पौष्टिक चीजों के सेवन की सलाह देते हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। हम किस तरह के आहार का सेवन करते हैं, यह सीधे तौर पर हमारी सेहत को प्रभावित करता है। यही कारण है कि अध्ययनों में विशेषज्ञ सभी लोगों को स्वस्थ और पौष्टिक चीजों के सेवन की सलाह देते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक भोजन हमेशा स्वस्थ-पौष्टिक और ताजा हो, इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए। विशेषकर गर्मियों के इस मौसम में भोजन से संबंधित बरती गई जरा सी भी लापरवाही फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकती है। स्वस्थ भोजन के सेवन को बढ़ावा देने और खाद्य जनित जोखिमों को रोकने के उद्देश्य से हर साल 7 जून को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस मनाया जाता है।

अध्ययनों से पता चलता है कि हम में से ज्यादातर लोग अक्सर ऐसी चीजों का सेवन करते हैं, जो स्वाद के लिए तो अच्छे होते हैं, पर इनसे गंभीर बीमारियों के पनपने का जोखिम हो सकता है। इतना ही नहीं कुछ खाद्य पदार्थ तो कैंसर और पेट की गंभीर समस्याओं के खतरे को कई गुना तक बढ़ा देते हैं। इन बातों को ध्यान में रखते हुए सभी लोगों को हमेशा स्वस्थ और पौष्टिक चीजों के सेवन का ही चयन करना चाहिए।
आइए जानते हैं कि अध्ययनों में किस प्रकार के भोजन को सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक पाया गया है? सभी लोगों को इन चीजों का सेवन कम से कम मात्रा में करना चाहिए, परहेज करना ज्यादा अच्छा विकल्प हो सकता है।
व्हाइट ब्रेड से होने वाले नुकसान
हम में से ज्यादातर लोगों के दिन की शुरुआत नाश्ते में व्हाइट ब्रेड और इससे बनी हुई चीजों से होती है। हालांकि सेहत के लिहाज से इसे विशेषज्ञ हानिकारक मानते हैं। व्हाइट ब्रेड, रिफाइंड गेंहू से बनाई जाती है, जिसमें न सिर्फ पौष्टिकता की कमी होती है, साथ ही इसका अधिक सेवन रक्त शर्करा के स्तर को बढ़ा देता है।
इसके अलावा शोध में पाया गया है कि रिफाइंड ब्रेड का अधिक सेवन करने वाले लोगों में पेट की चर्बी बढ़ने का भी खतरा अधिक होता है। ऐसे में व्हाइट ब्रेड की जगह अनाज युक्त ब्राउन ब्रेड का सेवन करना ज्यादा अच्छा माना जाता है।
पैक्ड फ्रूट जूस
शरीर को स्वस्थ रखने के लिए फलों और इसके जूस के सेवन की बार-बार सलाह दी जाती है, पर इसके लिए ताजा फलों के रस को ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। बाजार में मिलने वाले पैक्ड जूस सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। पैक्ड फ्रूट जूस में अधिक मात्रा में फ्रुक्टोज (एक प्रकार की चीनी) हो सकती है। फ्रुक्टोज की अधिकता इंसुलिन प्रतिरोध और लिवर डैमेज जैसी समस्याओं का कारक मानी जाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ पैक्ड फ्रूट जूस की जगह ताजे फलों के रस के सेवन की सलाह देते हैं।
मीठे खाद्य-पेय
अधिक मात्रा में मीठी चीजों के खाने-पीने की आदत आपकी सेहत को कई प्रकार से नुकसान पहुंचाती है। अधिकांश मीठे खाद्य में रिफाइंड शुगर, मैदा और अतिरिक्त फैट वाली चीजों की अधिकता होती है। ऐसी चीजों के अधिक सेवन से वजन बढ़ने और पेट की तमाम समस्याओं का खतरा भी अधिक हो सकता है। रिफाइंड खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन कोलेस्ट्रॉल के स्तर को प्रभावित कर सकता है जिसके कारण हृदय रोगों का जोखिम भी काफी बढ़ जाता है।
जंक-फास्ट फूड्स के नुकसान
फ्रेंच फ्राइज़, बर्गर, चिप्स, पिज्जा जैसे जंक फूड्स लोगों के बीच काफी पसंदीदा हैं, पर विशेषज्ञ इनके अधिक सेवन को काफी हानिकारक मानते हैं। ऐसे खाद्य कैलोरी में अधिक होते हैं, जिससे वजन बढ़ने का खतरा बना रहता है। बच्चों में मोटापे के लिए इसे प्रमुख जोखिम कारक के रूप में जाना जाता है। फास्ट फूड या जंक फूड, मोटापा, हृदय रोग, पाचन की समस्या को बढ़ाने के साथ संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।
Next Story