- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- Indori Poha: सुपरहिट...
लाइफ स्टाइल
Indori Poha: सुपरहिट है ये डिश, घर पर झटपट बन जाती है ये रेसिपी
Sarita
8 Jun 2025 6:32 AM IST

x
Indori Poha: इंदौरी पोहे को बच्चे हों या बुजुर्ग सभी लोग चाव से खाते हैं। इसे बनाने में बेहद कम वक्त लगता है। आप भी अगर इसके शौकीन हैं और अपने घर पर इसका मजा लेना चाहते हैं तो हमारी बताई विधि की मदद से आप इसे आसानी से तैयार कर सकते हैं। इसे बच्चों के टिफिन बॉक्स में भी रखा जा सकता है। अगर आपने अभी तक इस डिश को नहीं आजमाया है तो अब और देर नहीं करें। जो भी घर पर बनी इस डिश को एक बार खा लेगा वो फिर इसके लिए बाजार का मुंह नहीं देखेगा।
पोहे – 2 कप
प्याज – 1
हरी मिर्च – 3-4
हरा धनिया – 3-4 टेबल स्पून
अनार दाने – 1/2 कप
राई – 1 टी स्पून
सौंफ – 1 टी स्पून
हल्दी – 1/2 टी स्पून
धनिया बीज – 1 टी स्पून
चीनी – 1 टी स्पून
कढ़ी पत्ते – 10-15
मटर दाने – 1/2 कप
हींग – 1 चुटकी
नींबू – 1
सेव – 1/4 कप
तेल – 2 टेबल स्पून
नमक – स्वादानुसार
- सबसे पहले पोहे लेकर उन्हें पानी से 2 से 3 बार अच्छी तरह से धो लें। फिर भीगे पोहे छलनी पर रखें और उसका पानी निकलने दें।
- इस बीच प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया बारीक काट लें। अब एक कड़ाही लेकर उसमें तेल डालें और मीडियम आंच पर गरम करें।
- जब तेल गरम हो जाए तो राई, धनिया बीज, सौंफ, हींग डालकर चटकाएं। कुछ सैकंड तक मसालों को भूनने के बाद कढ़ी पत्ते डाल दें।
- इसके बाद बारीक कटा प्याज डालें (थोड़ा सा गार्निश करने के लिए बचा लें) और उसे तब तक भूनें जब तक कि उसका रंग हल्का गुलाबी न हो जाए।
- इस बीच छलनी में रखे पोहे में चीनी, हल्दी पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर हाथ से या करछी की मदद से अच्छी तरह से मिक्स कर दें।
- अब पोहे को मसाले वाली कड़ाही में डाल दें और सारे मसाले के साथ अच्छी तरह से मिलाएं। इसके बाद कड़ाही को ढक दें और कुछ देर तक पोहे पकने दें।
- इस दौरान बीच-बीच में पोहे चलाते रहें जिससे कड़ाही के तले में पोहे न चिपकें। पोहे पर थोड़ा सा पानी भी छिड़क दें जिससे वे नरम बने रहें।
- इसके बाद गैस बंद कर दें और पोहे को 2 मिनट तक और ढके रहने दें। इंदौरी पोहा बनकर तैयार है।
- इसे सर्विंग प्लेट में डालें और ऊपर से प्याज, हरा धनिया, अनार दाने और बारीक सेव से सजाकर सर्व करें।
Next Story





