लाइफ स्टाइल

Garlic Naan : अब घर पर ही होटल जैसी डिश बना सकते हैं

Sarita
25 March 2025 9:53 AM IST
Garlic Naan : अब घर पर ही होटल जैसी डिश बना सकते हैं
x
Garlic Naan : नान का स्वाद तो अधिकतर लोगों ने लिया होगा, लेकिन गार्लिक नान कुछ ज्यादा ही खास है। लोग इसका मजा लेने के लिए होटल जाते हैं। इसके स्वाद में बात ही कुछ ऐसी होती है कि हर कोई इसकी ओर खिंचा चला आता है। वैसे बता दें कि इसे घर पर भी बखूबी तैयार किया जा सकता है और इसका जायका भी किसी तरह से कम नहीं पड़ेगा। हमारी रेसिपी फॉलो कर आप भी बना सकते हैं मुलायम गार्लिक नान।
सामग्री (Ingredients)
मैदा – डेढ़ कप
इंस्टेंट ड्राई यीस्ट – 1/2 टी स्पून
दही – 1 टेबल स्पून
दूध – 1/3 कप
चीनी – 1/2 टी स्पून
तेल – 1 टेबल स्पून
गुनगुना पानी – 1/2 कप
लहसुन (बारीक कटा) – 2 टेबल स्पून
धनिया (बारीक कटा) – 3 टेबल स्पून
बटर (परोसने के लिए) - 1 टिकिया
विधि (Recipe)
- सबसे पहले एक कटोरे में इंस्टेंट ड्राई यीस्ट लें और फिर इसमें चीनी मिला दें। अब 1/2 कप गुनगुना पानी इसमें डाल दें।
- अब इस मिश्रण को अच्छी तरह से हिलाएं। इसके बाद इसे 15 मिनट के लिए ढंककर रख दें।
- इस मिश्रण में अगर झाग नजर आता है तो इसका मतलब यीस्ट सक्रिय है और अगर ऐसा नहीं है तो यीस्ट सक्रिय नहीं है या फिर ज्यादा गरम पानी डाला है।
- अगर झाग नहीं है तो बिना झाग वाले यीस्ट के मिश्रण को फेंक दें और फिर से मिश्रण तैयार करें।
- अब एक बड़े बर्तन में डेढ़ कप मैदा छान लें और इसमें एक टेबल स्पून दही और तेल डालें। इसी दौरान इसमें नमक भी डाल दें।
- अब इसमें पहले से तैयार किया गया यीस्ट का मिश्रण डाल दें। अब रोटी के आटे की तरह इसे नरम गूंथ लें।
- नरम आटे के लिए जरूरत पड़ने पर थोड़ा सा पानी का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अब आटे को तेल से चिकना कर लें और रख दें।
- इसे गीले कपड़े से या बर्तन को प्लास्टिक या ढक्कन से ढंक दें। इसे लगभग एक से डेढ़ घंटे तक हल्के गरम स्थान पर रख दें।
- इसके बाद कपड़ा या ढक्कन हटाएं तो आपको आटा फूला हुआ दिखाई देगा। अब आटे को नरम करने के लिए एक बार फिर गूंथ लें।
- अब आटे की लोइयां बना लें और फिर कपड़े से ढंककर लगभग आधा घंटे के लिए अलग रख दें।
- अब एक लोई लें और उसमें आटा लगाकर उसे लंबाई में अंडाकार बेल लें। उस पर थोड़ा कटा हुआ लहसुन और कटा हुआ हरा धनिया डालें।
- फिर उसे बेलन से या हाथ से धीरे-धीरे दबाएं। अब नान को पलट लें और उस पर हाथ से या ब्रश की सहायता से पानी लगाकर गीला कर लें।
- अब लोहे के तवे को गैस पर गरम करने को रख दें और जब तवा गरम हो जाए तो गीली सतह की ओर से नान को तवे पर डाल दें।
- इससे नान तवे से चिपक जाएगी। अब तवे को हैंडिल से पकड़े और गैस पर उल्टा कर दें। इसे नान के सिकने तक गैस पर घुमाते रहें।
- इसमें लगभग एक मिनट का वक्त लगेगा। अब नान को कलछी का उपयोग कर निकाल लें।
- आप देखेंगे कि नीचे की सतह भी सुनहरे रंग की हो गई है। इस तरह गार्लिक नान तैयार हो चुकी है। इसे बटर लगाकर गरमागरम परोसें।
Next Story