लाइफ स्टाइल

लहसुन इन गंभीर बीमारियों के खतरे को कर सकता है कम, सेहत के लिए बहुत फायदेमंद

Shiddhant Shriwas
30 Oct 2021 7:02 AM GMT
लहसुन इन गंभीर बीमारियों के खतरे को कर सकता है कम, सेहत के लिए बहुत फायदेमंद
x
लहसुन हर घर में इस्तेमाल होने वाले मसालों में से एक है। यह न सिर्फ भोजन के स्वाद को बढ़ाता है,

लहसुन हर घर में इस्तेमाल होने वाले मसालों में से एक है। यह न सिर्फ भोजन के स्वाद को बढ़ाता है, साथ ही इसमें मौजूद औषधीय गुण शरीर के लिए बहुत ही लाभदायक माने जाते हैं। अध्ययनों से पता चलता है कि लहसुन में कई ऐसे यौगिक पाए जाते हैं जो कई गंभीर बीमारियों से आपको सुरक्षित रख सकते हैं। इसके अलावा लहसुन की कलियों को कई तरह के विटामिन्स और खनिजों से भरपूर माना जाता है, जिसका सेवन करना स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है।

शोधकर्ताओं के मुताबिक लहसुन का रोजाना सेवन करने वाले लोगों में कई तरह की गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है। इसे पेट के लिए विशेष फायदेमंद माना जाता है। ईरान के स्कूल ऑफ़ न्यूट्रीशन एंड फ़ूड साइंसेज स्थित क्लिनिकल न्यूट्रिशन विभाग द्वारा किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि लहसुन और नींबू के रस के सेवन से हाइपरलिपिडिमिया के रोगियों के लिपिड स्तर, फाइब्रिनोजेन और रक्तचाप में सुधार किया जा सकता है। आइए आगे की स्लाइडों में लहसुन से होने वाले अन्य फायदों के बारे में जानते हैं।

प्रतिरक्षा को बढ़ाने में है सहायक

क्लीवलैंड क्लिनिक द्वारा 41,000 महिलाओं पर किए गए अध्ययन में पाया गया कि जिन्होंने नियमित रूप से लहसुन, फल और सब्जियां का सेवन किया उनमें कोलन कैंसर का खतरा 35 प्रतिशत कम पाया गया। क्लीवलैंड क्लिनिक ने अध्ययन में बताया कि लहसुन का सेवन इम्यूनिटी को बढ़ावा देने में फायदेमंद हो सकता है।

ब्लड प्रेशर को रखता है नियंत्रित

उच्च रक्तचाप, मौजूदा समय की सबसे गंभीर बीमारियों में से एक है। अध्ययनों में पाया गया है कि उच्च रक्तचाप वाले लोगों में ब्लड प्रेशर को कम करने में लहसुन का सेवन लाभदायक हो सकता है। एक अध्ययन में पाया गया कि 600-1,500 मिलीग्राम लहसुन के अर्क का 24 सप्ताह की अवधि तक सेवन रक्तचाप को कम करने में प्रभावी हो सकता है।

बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में सहायक

लहसुन, कोलेस्ट्रॉल को कम करने में सहायक माना जाता है। अध्ययनों में पाया गया है कि हाई कोलेस्ट्रॉल वाले लोगों के लिए लहसुन का सेवन एलडीएल या बैड कोलेस्ट्रॉल को लगभग 10-15 फीसदी तक कम करने में सहायक हो सकता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि रोजाना भोजन में लहसुन का सेवन बढ़ाते हुए हृदय रोगों के खतरे को कम किया जा सकता है।

लिवर के लिए फायदेमंद है लहसुन

शोधकर्ताओं ने पाया कि लहसुन का सेवन करना लिवर को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक हो सकता है। लहसुन में मौजूद एंटी-इंफ्लामेटरी और एंटी बैक्टीरियल गुण संक्रामक बीमारियों से लड़ने में सहायता करते हैं। लिवर को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखने के लिए रोजाना लहसुन का सेवन करना विशेष लाभदायक हो सकता है।

Next Story