लाइफ स्टाइल

जरूरत से ज्यादा दाल खाना सेहत के लिए हो सकता है हानिकारक

SANTOSI TANDI
12 Sep 2023 1:16 PM GMT
जरूरत से ज्यादा दाल खाना सेहत के लिए हो सकता है हानिकारक
x
सकता है हानिकारक
जब वेजिटेरियन लोगों के लिए बेहतरीन प्रोटीन स्त्रोत की बात की जाती है तो लोग उसमें दाल को जरूर शामिल करते हैं। दाल को हम सभी अपनी थाली का हिस्सा बनाना चाहते हैं। यकीनन इसके सेवन से कई फायदे मिलते हैं। मसलन, वे विटामिन बी, फोलेट, आयरन और पोटेशियम का अच्छा स्रोत हैं। साथ ही साथ, इसमें प्रोटीन और फाइबर भी उच्च मात्रा में पाया जाता है। इसलिए, इसका सेवन करके आप खुद को सेहतमंद रख सकते हैं।
लेकिन वो कहते हैं ना कि किसी भी चीज की अति क्षति का कारण बनती है। ऐसा ही कुछ दाल के साथ भी है। जब आप जरूरत से ज्यादा इसका सेवन करना शुरू कर देते हैं तो यह आपके लिए परेशानी का सबब बन जाती है। इससे आपको कई तरह के नुकसान उठाने पड़ सकते हैं। तो चलिए आज इस लेख में सेंट्रल गवर्नमेंट हॉस्पिटल के ईएसआईसी अस्पताल की डाइटीशियन रितु पुरी आपको बता रही हैं कि जरूरत से ज्यादा दाल खाने से क्या होता है-
दाल से पाचन तंत्र पर असर पड़ता है
जब आप जरूरत से ज्यादा दाल का सेवन करते हैं तो यह आपके पाचन तंत्र को परेशान कर सकती है। दरअसल, इनमें प्रचुर मात्रा में डायटरी फाइबर पाया जाता है और जब इन्हें अधिक मात्रा में खाया जाता है तो शरीर के लिए इसे पचा पाना काफी मुश्किल हो जाता है। इस स्थिति में अधिकतर लोगों को सूजन, गैस, दस्त या पेट में ऐंठन की समस्या हो सकती है।
दाल से न्यूट्रिशन डेफिशिएंसी हो सकती है
जहां एक ओर दाल कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होती है, वहीं अगर इसका अधिक मात्रा में सेवन किया जाता है तो इससे आपको न्यूट्रिशन डेफिशिएंसी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। मसलन, इसमें काफी अधिक मात्रा में पोटेशियम होता है, जो शरीर में सोडियम, पोटेशियम और इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस को बिगाड़ सकता है। इसी तरह, दाल में फाइटेट्स नामक कंपाउंड पाए जाते हैं जो आयरन, जिंक और कैल्शियम जैसे मिनरल्स के अब्जार्बशन में बाधा पैदा कर सकते हैं।
दाल से वजन बढ़ता है
अक्सर लोग अपनी वेट लॉस डाइट में दाल को शामिल करते हैं। लेकिन जब इनका नियमित रूप से अधिक मात्रा में सेवन किया जाता है तो इससे धीरे-धीरे आपका वजन बढ़ने लगता है। इसमें पर्याप्त मात्रा में कार्बोहाइड्रेट और कैलोरी होती हैं। इसलिए, जब इसे अधिक खाया जाता है तो इससे आपका कैलोरी काउंट गड़बड़ा जाता है। जिससे वजन बढ़ने के साथ-साथ अन्य हेल्थ प्रॉब्लम्स भी हो सकती हैं।
दाल से किडनी स्टोन की समस्या हो सकती है
जब आप जरूरत से ज्यादा दाल का सेवन करते हैं तो इसका बुरा प्रभाव आपकी किडनी पर भी पड़ सकता है। दरअसल, दाल में ऑक्सलेट काफी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। इसलिए, जब आप इसे बहुत अधिक खाते हैं तो इससे किडनी स्टोन की समस्या हो सकती है। अधिक दाल खाने से आपके गॉलब्लैडर और किडनी दोनों पर असर पड़ सकता है।
इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Next Story