लाइफ स्टाइल

बिहारी दाल पीठा: पारंपरिक स्वाद की आसान रेसिपी

Saba Naaz
5 July 2026 7:52 PM IST
बिहारी दाल पीठा: पारंपरिक स्वाद की आसान रेसिपी
x

नई दिल्ली। बिहार अपने पारंपरिक और स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए पूरे देश में जाना जाता है। लिट्टी-चोखा के साथ-साथ यहां की एक और लोकप्रिय डिश दाल पीठा भी लोगों के बीच काफी पसंद की जाती है। यह डिश चावल के आटे और चना दाल से बनाई जाती है और इसे तेल में फ्राई करने की बजाय स्टीम किया जाता है, जिससे यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है।

दाल पीठा बनाने के लिए सबसे पहले इसकी स्टफिंग तैयार की जाती है। इसके लिए भीगी हुई चना दाल का पानी निकालकर उसे मिक्सर में हरी मिर्च, लहसुन और अदरक के साथ बिना पानी मिलाए दरदरा पीस लिया जाता है। इसके बाद इसमें हल्दी, जीरा पाउडर, नमक और बारीक कटा हरा धनिया मिलाकर मिश्रण तैयार कर लिया जाता है। इसके बाद आटा तैयार किया जाता है। एक बर्तन में पानी को नमक के साथ उबालकर उसमें धीरे-धीरे चावल का आटा डाला जाता है और लगातार चलाया जाता है। जब मिश्रण गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर उसे कुछ देर ढककर रखा जाता है। हल्का ठंडा होने के बाद इसे अच्छी तरह गूंथ लिया जाता है।

अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें कटोरी जैसा आकार दिया जाता है। इसके बीच में तैयार की गई दाल की स्टफिंग भरी जाती है और किनारों को अच्छे से बंद कर दिया जाता है। कई लोग इसे गुझिया के आकार में भी बनाते हैं। इसके बाद स्टीमर में पानी गर्म किया जाता है और जाली पर हल्का तेल लगाकर पीठा रख दिए जाते हैं। इन्हें लगभग 12 से 15 मिनट तक स्टीम किया जाता है, जब तक ये पूरी तरह पक न जाएं।

पकने के बाद दाल पीठा को गर्मागर्म हरी चटनी, धनिया की चटनी या टमाटर की चटनी के साथ परोसा जाता है। इसका स्वाद हल्का, पौष्टिक और बेहद लाजवाब होता है, जिसे परिवार के सभी सदस्य पसंद करते हैं। यह पारंपरिक डिश न सिर्फ बिहार की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती है, बल्कि घर पर आसानी से बनने वाली एक हेल्दी रेसिपी भी है।

Next Story