- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- Besan Paratha :...

Besan Paratha : सुबह के नाश्ते में या फिर हल्की-फुल्की भूख में ये पराठा बेस्ट ऑप्शन है। आप इसे रायते, हरी धनिए की चटनी या आम के अचार के साथ परोसें, स्वाद और मज़ा दोनों दोगुना हो जाएगा। बेसन का स्वाद और उसमें भुने मसालों की खुशबू एकदम देसी स्टाइल का एहसास कराती है। बच्चे हों या बड़े, सब मज़े से खा लेंगे। अगली बार जब सोचे कि क्या बनाएं, तो ये फटाफट भरवां बेसन का पराठा जरूर याद रखिए।
सामग्री
गेहूं का आटा
एक कप बेसन
दो चम्मच कसूरी मेथी
लाल मिर्च पाउडर
हल्दी पाउडर
सौंफ
सफेद तिल
अमचूर पाउडर
जीरा पाउडर
सरसों का तेल
नमक स्वादानुसार
सबसे पहले गेहूं का आटा गूंथ लीजिए। ध्यान रखिए आटा ज़्यादा टाइट ना हो, थोड़ा नरम गूंथे ताकि पराठा बेलने में दिक्कत न आए।
अब एक बाउल में एक कप बेसन डालिए।
इसमें नमक स्वाद के हिसाब से, फिर लाल मिर्च पाउडर, थोड़ा हल्दी, और अमचूर पाउडर डाल दें।
इसके बाद जीरा पाउडर, सौंफ, और सफेद तिल भी डालिए। ये सब मिलाने से भरावन का स्वाद और खुशबू जबरदस्त आएगी।
अब बारी है कसूरी मेथी की करीब दो चम्मच डालिए, इससे बेसन का भरावन बड़ा शानदार लगेगा।
फिर इसमें सरसों का तेल डालना है। इतना कि बेसन अच्छे से गूंथ जाए और बिना पानी के एक नरम बॉल जैसा बन जाए।
याद रखिए, इसमें पानी बिल्कुल नहीं डालना है, सिर्फ तेल से ही बेसन को बांधना है।
अब गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लीजिए।
हर लोई को हल्का सा बेलिए, उसमें बेसन का छोटा बॉल रखिए और चारों तरफ से बंद करके फिर से बेल लीजिए।
अब तवा गर्म करके, इस पराठे को मीडियम आंच पर गोल्डन ब्राउन होने तक सेंक लीजिए। चाहें तो थोड़ा घी या मक्खन भी लगा सकते हैं।
बस, गरमा-गरम भरवां बेसन का पराठा तैयार है। इसे हरे धनिए की चटनी, रायते या अचार के साथ परोसिए — मज़ा आ जाएगा।





