- Home
- /
- लाइफ स्टाइल
- /
- शरीर को डिटॉक्स करने...
लाइफ स्टाइल
शरीर को डिटॉक्स करने के लिए फायदेमंद चुकंदर के पत्ते, खून की कमी को करते हैं दूर
SHIDDHANT
29 Dec 2025 9:33 PM IST

x
Delhi दिल्ली। आज की भागती-दौड़ती जिंदगी और बदलते खानपान में कई बार सेहत को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते। इसी कमी की वजह से शरीर कमजोर हो जाता है, थकान, कमजोरी और रक्त संबंधी समस्याएं बढ़ जाती हैं। आयुर्वेद और विज्ञान दोनों ही इस बात पर जोर देते हैं कि प्राकृतिक और हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन हमारे शरीर के लिए बेहद लाभकारी होता है। ऐसी ही एक अद्भुत पत्तेदार सब्जी है 'चुकंदर का पत्ता', आमतौर पर लोग चुकंदर की जड़ का उपयोग सलाद या रस के रूप में करते हैं, लेकिन इसके पत्ते भी स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हैं।
आयुर्वेद में चुकंदर के पत्ते रक्तवर्धक और शुद्धिकर गुणों के लिए जाने जाते हैं। आयुर्वेद के अनुसार, ये पत्ते रक्त को साफ करके शरीर में पोषण का संचार करते हैं। वहीं वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि चुकंदर के पत्तों में आयरन, विटामिन के, सी, फोलेट और एंटीऑक्सीडेंट की उच्च मात्रा होती है, जो खून बनाने और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करती है। चुकंदर के पत्तों में भरपूर आयरन होता है, जो हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करता है। हीमोग्लोबिन हमारे शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है। आयरन की कमी होने पर खून की कमी यानी एनीमिया होने का खतरा बढ़ जाता है। भोजन में चुकंदर के पत्ते की सब्जी शामिल करने से यह कमी पूरी होती है और शरीर में थकान, चक्कर और कमजोरी जैसी समस्याओं से राहत मिलती है।
यह डिटॉक्स और शरीर की सफाई में भी मदद करते हैं। चुकंदर के पत्ते लिवर को मजबूत करते हैं और शरीर से हानिकारक तत्वों को बाहर निकालते हैं। इसका सेवन करने से शरीर के अंग बेहतर तरीके से काम करते हैं और इम्यून सिस्टम मजबूत रहता है। वहीं, हृदय और रक्तचाप के लिए भी यह लाभकारी होता है। चुकंदर के पत्तों में नाइट्रिक ऑक्साइड की मात्रा शरीर के रक्त प्रवाह को सुधारती है और धमनियों को स्वस्थ रखती है। इससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है और हृदय रोग का खतरा कम होता है। चुकंदर के पत्ते हड्डियों और मांसपेशियों के लिए भी फायदेमंद हैं। इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम और विटामिन के पाया जाता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है और मांसपेशियों की थकान दूर करता है।
इसके अलावा, पत्तों में एंटीऑक्सीडेंट गुण भी होते हैं, जो शरीर में सर्दी, जुकाम और वायरल संक्रमण से बचाव करते हैं। आयुर्वेद और विज्ञान दोनों मानते हैं कि ये पत्ते इम्यूनिटी को बढ़ाकर शरीर को बीमारियों से लड़ने में सक्षम बनाते हैं। चुकंदर के पत्तों का इस्तेमाल सरल है। इन्हें कच्चा सलाद में डाल सकते हैं या सूप या जूस में मिलाकर पी सकते हैं। अगर किसी को पत्तों का स्वाद न पसंद हो, तो इन्हें हल्का सा भूनकर या अन्य सब्जियों के साथ मिलाकर खाना भी फायदेमंद है।
Tagsचुकंदर के पत्तेआयरनहीमोग्लोबिन बढ़ाने के उपायएनीमियाइम्युनिटीआयुर्वेदहरी पत्तेदार सब्जियांडिटॉक्सब्लड प्रेशरहृदय स्वास्थ्यजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





