मनोरंजन

‘द ड्यूक्स ऑफ हैज़र्ड’ स्टार बेन जोन्स का निधन

Gulabi Jagat
10 Aug 2026 8:11 AM IST
‘द ड्यूक्स ऑफ हैज़र्ड’ स्टार बेन जोन्स का निधन
x

USA, अमेरिका : अमेरिकी टीवी सीरीज ‘द ड्यूक्स ऑफ हैज़र्ड’ में ‘कूटर’ के किरदार से लोकप्रिय हुए अभिनेता और अमेरिका के पूर्व सांसद बेन जोन्स का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी उनकी पत्नी अल्मा वियाटोर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। रिपोर्ट के अनुसार, बेन जोन्स की मौत घर पर दिल का दौरा पड़ने से हुई।

उनकी पत्नी ने बताया कि बेन अपने पसंदीदा कुर्सी पर बैठे थे और टीवी पर बेसबॉल मैच देखने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें बड़ा हार्ट अटैक आया। पत्नी ने अपने पोस्ट में उन्हें बेहद समृद्ध और खुशहाल जीवन जीने वाला व्यक्ति बताते हुए कहा कि उन्हें बहुत से लोगों ने प्यार किया और उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।

बेन जोन्स को सबसे ज्यादा पहचान CBS की लोकप्रिय एक्शन-कॉमेडी सीरीज ‘द ड्यूक्स ऑफ हैज़र्ड’ से मिली। इस शो में उन्होंने हेजर्ड काउंटी के मुख्य चौराहे पर स्थित ‘कूटर गैराज’ के मालिक कूटर डेवनपोर्ट का किरदार निभाया था। वह सीरीज के 141 एपिसोड में नजर आए। यह शो 1979 से 1985 तक सात सीजन चला और अमेरिका में बेहद लोकप्रिय रहा।

अभिनय के अलावा बेन जोन्स ने राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाई। वह डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े थे और 1986 में जॉर्जिया की चौथी कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट सीट से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुनाव लड़ा था। हालांकि वह शुरुआती प्रयास में चुनाव हार गए। इसके दो साल बाद उन्होंने दोबारा चुनाव लड़ा और बड़ी जीत दर्ज करते हुए अमेरिकी कांग्रेस में प्रवेश किया।बाद में परिसीमन के कारण उनकी सीट बदल गई और 1994 में वह न्यूट गिंगरिच से चुनाव हार गए। इसके बावजूद राजनीति में उनका प्रभाव बना रहा। उनके द्वारा दायर एक नैतिक शिकायत ने आगे चलकर गिंगरिच के 1998 में हाउस स्पीकर पद से इस्तीफे की प्रक्रिया में भूमिका निभाई।2002 में वर्जीनिया से भी बेन जोन्स ने कांग्रेस चुनाव लड़ने की कोशिश की, लेकिन वह एरिक कैंटर से हार गए। इसके वर्षों बाद कैंटर की राजनीतिक यात्रा में भी जोन्स के एक पत्र को लेकर चर्चा हुई।

बेन जोन्स के निधन से अमेरिकी मनोरंजन और राजनीति, दोनों क्षेत्रों में उनके प्रशंसकों और परिचितों के बीच शोक की लहर है। उन्होंने अभिनय और राजनीति, दोनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई थी।

Next Story