
x
Shaniwar Ke Upay: सप्ताह का शनिवार का दिन भगवान शनि देव को समर्पित है। इस दिन शनि देव की पूजा करने से सभी दुख-तकलीफों से छुटकारा मिलता है। शनिवार के दिन शनि देव को सरसों का तेल और काला तिल चढ़ाने से साढ़ेसाती और ढैय्या जैसे शनि दोष से राहत मिलती है। कहते हैं शनि देव की एक नजर किसी भी व्यक्ति को राजा से रंक और रंक से राजा बना सकती है। ऐसे में शनि देव की कृपा दृष्टि पाने के लिए शनिवार के दिन इन उपायों को जरूर करें।
1. अगर आपके बिजनेस का फ्लो धीमी गति से चल रहा है तो उस फ्लो को फिर से बढ़ाने के लिए पुष्य नक्षत्र के दौरान पीपल का एक पत्ता लेकर आएं। अब उस पत्ते पर बीचो-बीच काले स्कैच पेन से एक बिन्दु बनाएं और उस बिन्दु को 5 मिनट तक लगातार देखते रहें। इसके बाद उस पत्ते को पीपल के पेड़ के नीचे रख आयें और वहीं बैठकर शनि के इस मंत्र का जप करें। मंत्र इस प्रकार है-'ऊँ श्रीं ह्रीं शं शनैश्चराय नमः।'
2. अगर आप किसी कोर्ट-केस में उलझे हुए हैं और उससे जल्द ही बाहर निकलना चाहते हैं तो आज के दिन आपको शनि देव के मंत्र का जप करना चाहिए। शनि देव का मंत्र इस प्रकार है-'ऊँ प्रां प्रीं प्रौं स: शनैश्चराय नम:।'
3. अगर आप नौकरी कर रहे हैं और बहुत दिनों से आपकी आमदनी नहीं बढ़ पा रही है तो अपनी आमदनी में बढ़ोतरी के लिए आज के दिन आपको एक काला कोयला लेना चाहिए और उसे बहते जल में प्रवाहित करना चाहिए। साथ ही इस मंत्र का जप करना चाहिए। मंत्र इस प्रकार है-'शं शनैश्चराय नमः।'
4. अगर आप जीवन के हर क्षेत्र में सफलता पाना चाहते हैं तो आज के दिन आपको स्नान आदि के बाद पीपल के वृक्ष के पास जाना चाहिए और दोनों हाथ जोड़कर वृक्ष को प्रणाम करना चाहिए। साथ ही पीपल की जड़ में पानी डालना चाहिए और शनि के मंत्र का जप करना चाहिए। मंत्र है- 'शं ह्रीं शं शनैश्चराय नमः।'
5. अगर आप अपनी संतान को उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजना चाहते हैं लेकिन आपको किसी न किसी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तो इस परेशानी से बाहर निकलने के लिए आज के दिन आपको शनि के मंत्र का 11 बार जप करना चाहिए। शनि देव का मंत्र इस प्रकार है-'ऊँ श्रीं ह्रीं शं शनैश्चराय नमः।'
6. अगर आपको उन्नति के मार्ग में आये दिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है तो आज के दिन आपको स्नान आदि के बाद साफ कपड़े पहनकर एक कच्चे सूत के धागे का गोला लेना चाहिए। इसके बाद पीपल के पेड़ के पास जाना चाहिए और उसके तने पर सात बार वो कच्चा सूत लपेटना चाहिए। फिर दोनों हाथ जोड़कर शनि देव का ध्यान करते हुए मंत्र का जप करना चाहिए। मंत्र है- 'ऊँ ऐं श्रीं ह्रीं शनैश्चराय नमः।'
7. अगर अच्छा खासा कमाने के बाद भी आपके पास कोई खास बचत नहीं हो पाती है और पैसों के मामले में आपके हाथ तंग बने रहते हैं तो आज के दिन आप पीपल के 11 पत्ते लें। अब इन पत्तों से एक माला बनाएं और शनि मंदिर में जाकर अर्पित करें। साथ ही इस मंत्र का जप करें। मंत्र इस प्रकार है-'शं ऊँ शं नमः।'
8. अगर आपके दांपत्य जीवन से खुशियां कहीं गायब हो गई हैं तो दांपत्य जीवन में फिर से खुशियां भरने के लिए आज के दिन आपको थोड़े-से काले तिल लेने चाहिए और पीपल के पेड़ के पास चढ़ाने चाहिए। साथ ही पीपल की जड़ में पानी चढ़ाना चाहिए और शनि देव के इस मंत्र का जप करना चाहिए। मंत्र इस प्रकार है- 'ऊँ श्रीं शं श्रीं शनैश्चराय नमः।'
9. अगर आप जीवन में अपनी खुशहाली बनाये रखना चाहते हैं तो आज के दिन आपको गाय के दूध या दही से बनी कोई चीज़ अपने ताऊ या चाचा को खिलानी चाहिए। साथ ही उनका आशीर्वाद लेना चाहिए और बाद में इस मंत्र का जप करना चाहिए। मंत्र इस प्रकार है-'ऊँ शं शं शन्यै नमः।'
10. अगर आपके मन पसंद विवाह में किसी प्रकार की समस्या आ रही हैं तो उस समस्या से पीछा छुड़ाने के लिए आज के दिन आपको पीपल के वृक्ष के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाना चाहिए। साथ ही शनि देव के इस मंत्र का 11 बार जप करना चाहिए। मंत्र इस प्रकार है-'शं ह्रीं शं शनैश्चराय नमः।'
11. अगर आप अपने दांपत्य रिश्ते में सुख बनाये रखना चाहते हैं तो उसके लिए आज के दिन आपको स्नान आदि के बाद देवी मां को सफेद पुष्पों की पुष्पांजलि चढ़ानी चाहिए। इसके बाद दुर्गा चालीसा का पाठ करना चाहिए।
12. अगर आप अपने बच्चों के करियर को बेहतर गति देना चाहते हैं, आप चाहते हैं कि आपके बच्चे खूब तरक्की करें तो आज के दिन आपको देवी दुर्गा के इस खास मंत्र का 11 बार जप करना चाहिए। मंत्र इस प्रकार है- या देवी सर्व भूतेषु विद्या रूपेण संस्थिता। नमस्तस्यै, नमस्तस्यै, नमस्तस्यै नमो नमः।। जप के बाद देवी मां के आगे घी का दीपक जलाना चाहिए।
Next Story





