मनोरंजन

Mother’s Day: निरूपा रॉय से लेकर इन अभिनेत्रियों ने निभाए सबसे ज्यादा मां के रोल, बड़े पर्दे पर दिखाया अपना ममता भरा प्यार

Sarita
11 May 2025 11:32 AM IST
Mother’s Day: निरूपा रॉय से लेकर इन अभिनेत्रियों ने निभाए सबसे ज्यादा मां के रोल, बड़े पर्दे पर दिखाया अपना ममता भरा प्यार
x
Mother’s Day: ‘तू कितनी अच्छी है, तू कितनी भोली है, प्यारी-प्यारी है, ओ मां, ओ मां’ मां को समर्पित ‘राजा और रंक’ फिल्म का ये गीत बॉलीवुड के यादगारों गीतों में से एक है। आज मदर्स डे के मौके पर ये गीत आपको कई लोगों के व्हाट्सएप स्टेटस और इंस्टाग्राम स्टोरी में सुनने को मिल जाएगा। हर किसी के जीवन में मां का किरदार सबसे अहम होता है। बॉलीवुड में भी कई ऐसी अभिनेत्रियां हैं, जिन्होंने पर्दे पर मां के किरदार को जीवंत किया है। कुछ अभिनेत्रियों ने तो एक नहीं बल्की कई फिल्मों में मां की भूमिका निभाई है। आज मदर्स डे के मौके जानते हैं उन अभिनेत्रियों के बारे में जिन्होंने अपने करियर में निभाया है सबसे अधिक मां का किरदार।
निरूपा रॉयNirupa Roy
‘मेरे पास मां है’, अमिताभ बच्चन-शशि कपूर की ‘दीवार’ फिल्म का ये डायलॉग जिस मां के लिए बोला गया है वो कोई और नहीं बल्कि अभिनेत्री निरूपा रॉय हैं। हिंदी फिल्मों में मां पर बात हो और निरूपा रॉय का जिक्र न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। निरूपा रॉय ने दीवार, दो बीघा जमीन, अमर-अकबर-एंथोनी, सुहाग, मुकद्दर का सिकंदर और मर्द जैसी कई यादगार फिल्मों में मां का किरदार निभाया है। निरूपा रॉय ने अपने करियर में अमिताभ बच्चन और शशि कपूर से लेकर धर्मेंद्र और देवानंद सरीखे कई स्टार्स की मां का किरदार निभाया है। ऐसा कहा जाता है कि निरूपा रॉय ने अपने करियर में लगभग 200 फिल्मों में मां की भूमिका निभाई है। इसीलिए उन्हें बॉलीवुड की मां कहा जाता है।
दुर्गा खोटेDurga Khote
बॉलीवुड की ऐतिहासिक फिल्म ‘मुगल ए आजम’ में दिलीप कुमार के किरदार सलीम की मां का रोल तो आपको याद ही होगा। इस किरदार को निभाया था अभिनेत्री दुर्गा खोटे ने। अपने लगभग पांच दशक लंबे करियर में दुर्गा खोटे ने अधिकतर फिल्मों में मां का किरदार निभाया है। वो दिलीप कुमार से लेकर अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर तक की मां की भूमिका में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने ‘नमक हराम’, ‘गोपी’, ‘इंसानियत’, ‘कर्ज’, ‘दौलत के दुश्मन’ और ‘मुगल-ए-आजम’ जैसी फिल्मों में मां का किरदार निभाया है।
ललिता पवारLalita Pawar
मां के कई रूप होते हैं। कभी वो ममता से भरी होती है, तो कभी उसमें एक सख्ती देखने को मिलती। ललिता पवार बॉलीवुड में दूसरे किस्म की मां के रूप में अधिक मशहूर हुईं। अपने सात दशक लंबे करियर में तकरीबन 700 से अधिक फिल्मों में काम करने के बाद ललिता पवार को प्रसिद्धि क्रूर सास और मां के किरदारों से ही मिली। उन्होंने ‘अनारकली’, ‘परवरिश’, ‘अनाड़ी’, ‘जिस देश में गंगा बहती है’ और ‘दुश्मन’ जैसी कई फिल्मों में मां का यादगार किरदार निभाया है।
दीना पाठकDina Pathak
दीना पाठक ने बॉलीवुड में कई यादगार मां के किरदार निभाए हैं। उन्हें बॉलीवुड में मां और मौसी के किरदारों के लिए जाना जाता है। अपने करियर में 120 से अधिक फिल्मों में काम करने वाली दीना पाठक ने ‘गोलमाल’, ‘खूबसूरत’, ‘भवानी भवई’, ‘मिर्च मसाला’, ‘तमस’, ‘इजाजत’, ‘बॉलीवुड/हॉलीवुड’, और ‘पिंजर’ जैसी कई फिल्मों में मां की यादगार भूमिका निभाई है।
रीमा लागूReema Lagoo
आपको ‘हम साथ साथ हैं’ की मां जी तो याद ही होंगी। जिनके अंदर ममता भी थी और सख्ती भी। रीमा लागू ने अपने अभिनय से इस किरदार को जीवंत बना दिया था। रीमा लागू ने अपने करियर में एक नहीं बल्कि कई फिल्मों में मां की यादगार भूमिका निभाई है। वो पर्दे पर सलमान खान से लेकर शाहरुख खान, संजय दत्त, माधुरी दीक्षित, काजोल और जूही चावला जैसे स्टार्स की मां का किरदार निभा चुकी हैं। उन्होंने ‘मैंने प्यार किया’, ‘आशिकी’, ‘साजन’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘रंगीला’, ‘वास्तव’, ‘कुछ कुछ होता है’, ‘कल हो ना हो’ और ‘हम साथ साथ हैं’ जैसी कई फिल्मों में मां की भूमिका निभाई है।
फरीदा जलाल फिल्मों की चुलबुली और अपने बच्चों के साथ दोस्ताना रिश्ते रखने वाली मां के रूप में मशहूर हैं। डीडीएलजे में उन्होंने काजोल की मां की यादगार भूमिका निभाई। इसके अलावा भी फरीदा जलाल कई फिल्मों में मां के किरदार में दिखाई दीं। इनमें ‘दुलारा’, ‘लाडला’, ‘चोरी-चोरी चुपके- चुपके’, ‘दिल वाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘दिलजले’ और ‘अजय’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
Next Story