
मनोरंजन: वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ की कहानी अब बड़े पर्दे पर आने जा रही है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
फिल्म में एक बार फिर अली फजल ‘गुड्डू भैया’ के किरदार में नजर आएंगे। हाल ही में अली फजल ने फिल्म को लेकर बातचीत करते हुए बताया कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए और पूरी टीम के लिए एक बड़ा एक्सपेरिमेंट है। उन्होंने कहा कि भारत में पहली बार किसी बड़ी हिट वेब सीरीज को फिल्म के रूप में बदला जा रहा है, जो अपने आप में खास अनुभव है।
अली फजल ने कहा कि दर्शकों को बड़े पर्दे पर मिर्जापुर की दुनिया को देखना एक नया और रोमांचक अनुभव देगा। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म में वही पुराना मिर्जापुर वाला मजा बरकरार रहेगा, लेकिन इस बार कहानी में कई नए ट्विस्ट और नया फ्लेवर जोड़ा गया है, जिससे दर्शकों को कुछ नया देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि ओरिजिनल कास्ट की वापसी से फिल्म की एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ में अली फजल के साथ पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा, शीबा चड्ढा और श्वेता त्रिपाठी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा रवि किशन और जितेंद्र कुमार की एंट्री ने भी फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर कर रहे हैं। निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है।





