
मुंबई। नेटफ्लिक्स की अपकमिंग फिल्म ‘इक्का’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में दीया मिर्जा ने फिल्म से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म में अक्षय खन्ना को थप्पड़ मारने वाले सीन को लेकर वह काफी डर गई थीं। इस मौके पर सनी देओल, दीया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम और डायरेक्टर सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा मौजूद रहे, जबकि अक्षय खन्ना इवेंट में शामिल नहीं हुए।
ट्रेलर लॉन्च के दौरान दीया मिर्जा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें इस सीन को लेकर चिंता हो रही थी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अक्षय खन्ना की बड़ी फैन फॉलोइंग है, इसलिए थप्पड़ मारने के बाद वह किसी परेशानी में न पड़ जाएं, इस बात को लेकर वह डरी हुई थीं। दीया ने यह भी कहा कि ट्रेलर में वही सीन शामिल कर दिया गया है, जिससे उनकी घबराहट और बढ़ गई।
डायरेक्टर सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने बताया कि फिल्म की शूटिंग की शुरुआत ही इसी थप्पड़ वाले सीन से हुई थी और यही पहला सीन था जो दीया मिर्जा ने अक्षय खन्ना के साथ शूट किया था। इस पर दीया ने भी सहमति जताई और कहा कि उनका पहला शूटिंग अनुभव ही यही था। इवेंट में मौजूद सनी देओल ने माहौल को हल्का करते हुए मजेदार अंदाज में दीया मिर्जा का सपोर्ट किया। उन्होंने कहा कि दीया को इतनी चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि फिल्म में वह उनकी पत्नी का किरदार निभा रही हैं। सनी का यह जवाब सुनकर दीया मिर्जा मुस्कुराईं और उन्होंने कहा कि वह इसी जवाब का इंतजार कर रही थीं।
इवेंट के दौरान पूरा माहौल हंसी-मजाक से भरा रहा और फिल्म की कास्ट ने शूटिंग के अनुभव साझा किए। ‘इक्का’ को लेकर दर्शकों में भी उत्साह देखा जा रहा है, खासकर सनी देओल की पहली ओटीटी फिल्म होने के कारण। फिल्म ‘इक्का’ 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इसमें एक्शन और ड्रामा का मिश्रण देखने को मिलेगा और दर्शकों को एक अलग कहानी पेश करने का दावा किया जा रहा है। इवेंट के बाद फिल्म को लेकर चर्चा और बढ़ गई है, खासकर उस थप्पड़ वाले सीन को लेकर जिसे दर्शक ट्रेलर में देख चुके हैं।





