
x
Gauri Pradhan: एकता कपूर अपने सुपरहिट डेली सोप 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' का दूसरा सीज़न लेकर आ गई हैं। 17 साल बाद इस सीरियल ने एक बार फिर लोगों के बीच अपनी जगह बना ली है और इसमें एक बार फिर टीवी की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में से एक करण-नंदिनी की वापसी हुई है। करण-नंदिनी का किरदार हितेन तेजवानी और गौरी प्रधान ने निभाया था जो असल ज़िंदगी में भी कपल थे। हितेन और गौरी की शादी 20 साल पहले हुई थी और आज भी उनके बीच वही प्यार बरकरार है।
16 सितंबर 1977 को जम्मू में जन्मीं गौरी प्रधान एक मराठी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। 18 साल की उम्र में गौरी ने मॉडलिंग शुरू कर दी थी और उन्होंने एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट में भी हिस्सा लिया था, जिसमें वह जीत तो नहीं पाईं, लेकिन उन्हें टीवी पर विज्ञापन मिलने लगे। उन्हीं विज्ञापनों के बीच गौरी की मुलाकात हितेन तेजवानी से हुई, जिनके साथ वह रिलेशनशिप में आईं और शादी कर ली। गौरी एक गंभीर लड़की थीं जबकि हितेन काफी चंचल थे, तो यह जोड़ी कैसे एक साथ आई, आइए आपको बताते हैं।
खबरों के मुताबिक, गौरी और हितेन की पहली मुलाकात एक साबुन के विज्ञापन में हुई थी। जब यह विज्ञापन आया, तो एकता कपूर का ध्यान इस पर गया, जो उस समय अपने सीरियल कुटुंब के लिए मुख्य जोड़ी की तलाश में थीं। लगभग 6 महीने बाद, एकता कपूर ने हितेन और गौरी को अपने ऑफिस बुलाया, जहाँ दोनों की फिर से मुलाकात हुई। एकता कपूर ने उन्हें सीरियल कुटुंब का ऑफर दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया और यह 2001 में प्रसारित हुआ। शूटिंग के दौरान, जब गौरी फ्री होती थीं, तो वह एक तरफ बैठकर किताब पढ़ती थीं और हितेन दूसरों के साथ हंसी-मजाक करते रहते थे।
शुरू में गौरी को हितेन का व्यवहार पसंद नहीं आया, लेकिन धीरे-धीरे वह उनके चुटकुलों पर हंसने लगीं और फिर कुछ समय बाद दोनों अच्छे दोस्त बन गए। 2002 के अंत में, उन्होंने 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में करण-नंदिनी के रूप में एंट्री की और टीवी पर आते ही यह जोड़ी लोकप्रिय हो गई। उन्होंने लगभग तीन बार स्टार परिवार अवार्ड्स में सर्वश्रेष्ठ जोड़ी का खिताब भी जीता, तब तक हितेन-गौरी रिलेशनशिप में आ चुके थे।
हितेन तेजवानी सिंधी परिवार से थे जबकि गौरी मराठी परिवार से हैं। दोनों ने अपने-अपने परिवारों को मना लिया और 2004 में सिंधी रीति-रिवाजों से शादी कर ली। 2009 में हितेन और गौरी जुड़वाँ बच्चों (एक बेटा और एक बेटी) के माता-पिता बने, जिनका नाम निवान तेजवानी और कात्या तेजवानी है। शादी के लगभग 20 साल बाद भी हितेन और गौरी के बीच प्यार पहले जैसा ही है और अब वे एक बार फिर 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में करण-नंदिनी बनकर लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं।
Next Story





