टिफनी ट्रंप से नीता अंबानी तक के लुक्स ने खींचा ध्यान, गणपति विसर्जन में दिखा ग्लैमर

मुंबई: अंबानी परिवार के घर एंटीलिया में गणपति बप्पा का उत्सव जितनी भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया गया, उतने ही शानदार अंदाज में भगवान गणेश को विदाई भी दी गई। गणेश विसर्जन के मौके पर एंटीलिया में भक्ति, संगीत और उत्साह का खास माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के बीच अंबानी परिवार ने गणपति बप्पा को विदाई दी। इस खास अवसर पर सिर्फ अंबानी परिवार ही नहीं, बल्कि उनके करीबी दोस्त और विदेशी मेहमान भी भारतीय संस्कृति के रंग में रंगे नजर आए। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप के पारंपरिक भारतीय लुक की रही। वहीं नीता अंबानी, राधिका मर्चेंट और परिवार की अन्य महिलाओं के अलग-अलग अंदाज भी लोगों का ध्यान आकर्षित करते रहे।
टिफनी ट्रंप का एथनिक लुक बना आकर्षण का केंद्र
गणपति विसर्जन के दौरान टिफनी ट्रंप बेहद खूबसूरत भारतीय परिधान में नजर आईं। उन्होंने रॉयल ब्लू रंग की लंबी एथनिक ड्रेस पहनी थी। इस आउटफिट में अनारकली स्टाइल का घेर और क्रश्ड प्लीट्स डिजाइन इसे खास बना रहा था। ड्रेस की नेकलाइन और स्लीव्स पर गोल्डन वर्क किया गया था, जबकि कमर पर लगी डोरी और लटकन ने उनके लुक को और आकर्षक बना दिया। खास बात यह रही कि टिफनी ने इस ड्रेस के साथ ज्यादा ज्वेलरी कैरी नहीं की। खुले वेवी बाल और हल्के मेकअप के साथ उन्होंने अपने लुक को पूरा किया। टिफनी ट्रंप के पति माइकल बोलस भी इस मौके पर भारतीय अंदाज में नजर आए। उन्होंने रस्ट ऑरेंज रंग का सिल्क कुर्ता पहना था, जो उनके पारंपरिक लुक को और खास बना रहा था।
नीता अंबानी के दो अलग-अलग अंदाज
गणपति विसर्जन के दौरान नीता अंबानी के दो अलग-अलग लुक्स देखने को मिले। शुरुआत में वह हरे रंग की खूबसूरत सिल्क साड़ी में नजर आईं। साड़ी पर जरी बॉर्डर और बूटियों का डिजाइन था, जो उनके लुक को शाही अंदाज दे रहा था। उन्होंने साड़ी के साथ डायमंड और एमराल्ड स्टड ईयररिंग्स पहने थे। गले में हरे रंग की बीड्स वाली माला, माथे की बिंदी और बालों में लगा गजरा उनके पारंपरिक अंदाज को और निखार रहा था। बाद में विसर्जन स्थल पर पहुंचने के दौरान नीता अंबानी सिंपल केसरिया रंग के कुर्ते और पैंट्स में नजर आईं। इस सादे लुक में भी उनकी रॉयल पसंद साफ दिखाई दी। उन्होंने डायमंड स्टड्स, रिंग और कड़े पहने थे।
इस दौरान मुकेश अंबानी भी सफेद कुर्ते में नजर आए।
राधिका मर्चेंट का सिंपल अंदाज भी रहा चर्चा में
गणेश उत्सव के दौरान राधिका मर्चेंट के कई खूबसूरत अंदाज देखने को मिले। बप्पा के स्वागत के समय वह कांजीवरम साड़ी में नजर आई थीं, वहीं विसर्जन के मौके पर उन्होंने बेहद सिंपल और एलिगेंट लुक चुना। राधिका ने ऑरेंज रंग का कुर्ता और येलो पैंट पहनी थी। उन्होंने किसी तरह की भारी ज्वेलरी नहीं पहनी और अपने लुक को बेहद साधारण रखा। चोटी किए हुए बाल और सफेद चप्पलों के साथ उनका देसी अंदाज काफी पसंद किया गया। विसर्जन के दौरान राधिका अपने पति अनंत अंबानी के साथ डांस करती भी नजर आईं। दोनों ने परिवार के साथ इस खास मौके को खूब एंजॉय किया।
नीता अंबानी की मां पूर्णिमा दलाल भी दिखीं खास अंदाज में
इस अवसर पर नीता अंबानी की मां पूर्णिमा दलाल भी मौजूद रहीं। उन्होंने बेज बेस वाले फ्लोरल प्रिंट कुर्ते को चुना था। कुर्ते पर बने रंग-बिरंगे फूलों के डिजाइन ने उनके लुक को आकर्षक बनाया।
उन्होंने व्हाइट और ग्रीन पर्ल्स वाली माला के साथ चूड़ियां पहनी थीं। उनका पूरा अंदाज सादगी और खूबसूरती का मेल नजर आया।
बप्पा के स्वागत में भी दिखा था टिफनी का देसी अंदाज
टिफनी ट्रंप गणपति उत्सव की शुरुआत के समय भी भारतीय परिधान में नजर आई थीं। उस दौरान उन्होंने पिस्ता ग्रीन रंग का पर्ल एम्ब्रॉयडर्ड लहंगा पहना था।
लहंगे के साथ उन्होंने हैवी वर्क वाला ब्लाउज और गाजरी रंग का दुपट्टा कैरी किया था। मांग टीका और झुमकों ने उनके लुक को पूरा पारंपरिक टच दिया था।
वहीं उनके पति माइकल बोलस मरून रंग के गोल्ड बूटी वाले बंदगले और क्रीम पैंट में दिखाई दिए थे।
भक्ति और फैशन का दिखा खूबसूरत मेल
अंबानी परिवार के गणपति विसर्जन में इस बार धार्मिक आस्था के साथ फैशन और संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिला। परिवार के सदस्यों से लेकर विदेशी मेहमानों तक सभी भारतीय परंपराओं में रंगे नजर आए।
टिफनी ट्रंप का एथनिक अंदाज, नीता अंबानी की शाही सादगी और राधिका मर्चेंट का सिंपल लुक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। गणपति बप्पा की विदाई के इस मौके पर एंटीलिया में भक्ति, खुशी और पारिवारिक जुड़ाव की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली।





