मनोरंजन

आरआरआर के हिंदी वर्जन में आई पहली बार इतनी गिरावट, फिल्म बटोर चुकी वर्ल्डवाइड 900 करोड़

Gulabi Jagat
5 April 2022 2:37 PM GMT
आरआरआर के हिंदी वर्जन में आई पहली बार इतनी गिरावट, फिल्म बटोर चुकी वर्ल्डवाइड 900 करोड़
x
एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर को दूसरे सोमवार को पहला बड़ा झटका लगा
नई दिल्ली, जेएनएन। एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर को दूसरे सोमवार को पहला बड़ा झटका लगा। फिल्म के हिंदी वर्जन की कमाई में उल्लेखनीय गिरावट आयी है और अब तक हर दिन डबल डिजिट में कलेक्शन कर रही फिल्म का सोमवार को कलेक्शन सिंगल डिजिट में पहुंच गया। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार के मुकाबले सोमवार को आरआरआर (हिंदी) के कलेक्शंस करीब 45 फीसदी गिरे हैं। वहीं, वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने एक नया कीर्तिमान बनाते हुए 900 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।
आरआरआर के हिंदी वर्जन ने सोमवार (4 अप्रैल) को 7 करोड़ जोड़े हैं, जिसे मिलाकर फिल्म का 11 दिनों का नेट कलेक्शन अब 191.59 करोड़ हो गया है, यानी 200 करोड़ तक पहुंचने के लिए फिल्म को अब 8.41 करोड़ चाहिए। रविवार तक के कलेक्शंस देखते हुए ट्रेड को उम्मीद थी कि फिल्म आज यानी मंगलवार को 200 करोड़ का पड़ाव पार कर लेगी, मगर सोमवार के कलेक्शंस देखने के बाद एक-दो दिन और लग सकता है। अब काफी कुछ आज के कलेक्शंस पर निर्भर करता है। इससे पहले दूसरे वीकेंड में फिल्म ने जबरदस्त कमाई की थी और 52 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था, जिसके बाद 10 दिनों का कलेक्शन 184.59 करोड़ हो गया था।
अगर राजामौली की आरआरआर (हिंदी) बुधवार को 200 करोड़ का पड़ाव पार कर लेती है तो यह द कश्मीर फाइल्स की बराबरी कर लेगी, जिसने 3.55 करोड़ की ओपनिंग लेकर 13वें दिन 200 करोड़ का माइल स्टोन पार कर लिया था।
25 मार्च को जोर-शोर से सिनेमाघरों में रिलीज हुई आरआरआर ने 20.07 की ओपनिंग ली थी और तब से लगातार डबल डिजिट में कमाई कर रही है। पहले हफ्ते में फिल्म ने 132.59 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था। फिल्म ने 100 करोड़ तक पहुंचने में सिर्फ 5 दिन लिये थे।
वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ जल्द
ट्रेड जानकारों के अनुसार, आरआरआर ने वर्ल्डवाइड 900 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन का पड़ाव पार कर लिया है, जिसमें तेलुगु और हिंदी समेत सभी भाषाओं और ओवरसीज के कलेक्शंस शामिल हैं। अब वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ के ग्रॉस कलेक्शन की उम्मीद की जा रही है। वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन में फिलहाल नम्बर एक पर आमिर खान की दंगल है, जिसने 2000 करोड़ के आस-पास जमा किये थे, जिसका बड़ा हिस्सा चीनी बॉक्स ऑफिस से आया था। वहीं, दूसरे स्थान पर बाहुबली 2- द कन्क्लूजन है, जिसने करीब 1800 करोड़ जमा किये थे। दिलचस्प बात यह है कि चीनी बॉक्स ऑफिस पर बाहुबली 2 अधिक सफल नहीं रही थी।
Next Story