मनोरंजन

मुंबईवासियों को बिजली ने दिया ज़ोरदार झटका...बिग बी से लेकर कंगना तक ने किया ट्वीट...सेलेब्रिटीज़ ने शेयर की दिलचस्प मीम

Gulabi
12 Oct 2020 9:48 AM GMT
मुंबईवासियों को बिजली ने दिया ज़ोरदार झटका...बिग बी से लेकर कंगना तक ने किया ट्वीट...सेलेब्रिटीज़ ने शेयर की दिलचस्प मीम
x
कई इलाकों में पॉवर कट होने की वजह से मुंबई की रफ़्तार थम गयी
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। सोमवार की सुबह मुंबईवासियों को बिजली ने ज़ोरदार झटका दिया। दरअसल, कई इलाकों में पॉवर कट होने की वजह से मुंबई की रफ़्तार थम गयी। लोकल ट्रेनों पर भी ब्रेक लग गये। मुंबई में इतने बड़े पैमाने पर पॉवर कट अक्सर होता नहीं है, लिहाज़ा बिजली जाने की इस घटना पर सोशल मीडिया में मीम्स की बाढ़ आ गयी। कई सेलेब्रिटीज़ भी इसमें शामिल हो गये और दिलचस्प मीम शेयर किये।

अमिताभ बच्चन ने लिखा- पूरे शहर में बिजली गुल है। किसी तरह यह मैसेज लिख रहा हूं। शांति बनाए रखिए। सब ठीक हो जाएगा। वहीं, अभिषेक बच्चन ने दो मीम शेयर किये। एक में लिखा था- हर कोई इतना आश्चर्यचकित क्यों है, आख़िर यह 2020 है, किसी को तो पॉवर बंद करनी ही थी। दूसरे में लिखा था- 2020 अद्भुत लीप ईयर है। इसके फरवरी में 29 दिन थे। मार्च में 300 दिन और अप्रैल में 5 साल थे।

एक्ट्रेस रिचा चड्ढा ने ख़ुद पर बना एक मीम शेयर किया, जिसमें उनकी फोटो पर लिखा था- मुझे यही पॉवर चाहिए।

कुणाल खेमू ने एक मज़ेदार वीडियो बनाकर शेयर किया, जिसमें उन्होंने देश के दूसरे हिस्सों और मुंबई में बिजली जाने पर लोगों की प्रतिक्रियाओं को कॉमिक अंदाज़ में पेश किया। कुणाल पहले हरियाणवी एक्सेंट में बोलकर बताते हैं कि देश के दूसरे हिस्सों में अगर सुबह से शाम तक भी बिजली चली जाए, तो सामान्य लगता है, फिर मुंबइया अंदाज़ में बोलकर बताते हैं कि अगर मुंबई में 2-3 घंटे के लिए भी बिजली गुल हो जाए तो लगता है कि दुनिया ऊपर-नीचे हो गयी है।

वहीं, कंगना रनोट ने मुंबई में पॉवर कट के बहाने महाराष्ट्र सरकार पर ताना मारा। कंगना ने संजय राउत और स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा की एक फोटो शेयर की है, जिसमें कुणाल, संजय को जेसीबी मशीन का मिनियेचर दे रहे हैं। बता दें कि पिछले महीने बीएमसी ने कंगना के पाली हिल स्थित दफ़्तर में अवैध निर्माण को लेकर तोड़फोड़ की थी, जिसमें जेसीबी मशीन एक प्रतीक के तौर पर उभरी थी। इसके साथ कंगना ने लिखा- मुंबई में पॉवर कट। इस बीच महाराष्ट्र सरकार क-क-क... कंगना में बिज़ी है।

रवीना टंडन ने लोगों से शांत रहने की अपील करते हुए तंज कसा- सभी लोग शांति बनाए रखें। होता है कभी-कभी। कैंडल में लंच कीजिए।

Next Story