मनोरंजन

विजय की 'जना नायकन' पर संकट के बादल, फिर भी जारी सफर

Saba Naaz
23 July 2026 5:14 PM IST
विजय की जना नायकन पर संकट के बादल, फिर भी जारी सफर
x

मनोरंजन: साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जना नायकन' (Jana Nayagan) आखिरकार लंबे इंतजार के बाद सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। विजय के फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, क्योंकि यह उनकी एक्टिंग करियर की आखिरी फिल्म मानी जा रही है। इसके बाद विजय राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने वाले हैं। हालांकि, बड़े पर्दे तक पहुंचने का सफर फिल्म के लिए आसान नहीं रहा। रिलीज से पहले फिल्म को सेंसर विवाद, कानूनी अड़चनों और ऑनलाइन लीक जैसी कई परेशानियों का सामना करना पड़ा।

फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह था। विजय ने साल 2024 में फिल्मों से दूरी बनाकर राजनीति में कदम रखने का ऐलान किया था। इसके बाद उन्होंने अपने बाकी फिल्मी प्रोजेक्ट पूरे करने की बात कही थी। इसी कड़ी में एच विनोद के निर्देशन में बनी 'जना नायकन' को उनकी आखिरी फिल्म के तौर पर पेश किया गया।

करीब डेढ़ साल तक फिल्म की शूटिंग चली और इसके बाद मेकर्स ने इसे रिलीज करने की तैयारी शुरू की। पहले फिल्म को 9 जनवरी 2026 को रिलीज करने का फैसला किया गया था, लेकिन रिलीज से ठीक पहले ऐसी परिस्थितियां बनीं कि फिल्म की तारीख आगे बढ़ानी पड़ी।

सेंसर बोर्ड में फंसी फिल्म

'जना नायकन' को रिलीज से करीब एक महीने पहले दिसंबर 2025 में सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के पास भेजा गया था। शुरुआती दौर में उम्मीद थी कि फिल्म को आसानी से प्रमाण पत्र मिल जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेंसर बोर्ड की ओर से फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट दिए जाने की संभावना थी।

लेकिन रिलीज से कुछ दिन पहले मामला बदल गया। सेंसर बोर्ड की जांच समिति के एक सदस्य ने फिल्म को लेकर कुछ आपत्तियां दर्ज कराईं, जिसके बाद इसे रिविजन कमेटी के पास भेज दिया गया। इसके बाद फिल्म की दोबारा समीक्षा हुई और कुछ बदलाव करने के निर्देश दिए गए।

सर्टिफिकेट मिलने में देरी के कारण फिल्म की तय रिलीज डेट प्रभावित हो गई। मेकर्स ने इस मामले को लेकर कोर्ट का रुख किया, लेकिन कानूनी प्रक्रिया के चलते 9 जनवरी की रिलीज संभव नहीं हो सकी।

कोर्ट तक पहुंचा मामला

सेंसर प्रमाण पत्र में देरी के बाद फिल्म निर्माताओं ने अदालत में गुहार लगाई। सुनवाई के दौरान सेंसर बोर्ड ने कहा कि फिल्म की समीक्षा नई कमेटी करेगी और उसके बाद ही प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा।

इस देरी का असर फिल्म की एडवांस बुकिंग पर भी पड़ा। देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी फिल्म की बुकिंग शुरू हो चुकी थी, लेकिन रिलीज टलने के बाद कई जगहों पर एडवांस बुकिंग रोकनी पड़ी।

ऑनलाइन लीक ने बढ़ाई मुश्किल

सेंसर विवाद से जूझ रही फिल्म को उस समय एक और बड़ा झटका लगा जब 'जना नायकन' ऑनलाइन लीक हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म एचडी क्वालिटी में इंटरनेट पर उपलब्ध हो गई थी।

फिल्म लीक होने के बाद मेकर्स ने नाराजगी जताई और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने पायरेसी के खिलाफ आवाज उठाई। मामले की जांच मद्रास हाई कोर्ट और तमिलनाडु साइबर क्राइम टीम ने शुरू की। रिपोर्ट्स के अनुसार, पायरेटेड कंटेंट फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई।

7 महीने बाद मिली रिलीज

कई बाधाओं के बाद आखिरकार जुलाई 2026 में फिल्म को सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिली। फिल्म 23 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज कर दी गई। CBFC ने फिल्म को 'A' सर्टिफिकेट दिया है। सर्टिफिकेशन दस्तावेजों के अनुसार, फिल्म की लंबाई 183 मिनट 11 सेकंड यानी करीब 3 घंटे 3 मिनट है।

बताया जा रहा है कि सेंसर प्रक्रिया पूरी होने से पहले फिल्म में 12 बदलाव किए गए। रिलीज से पहले ही फिल्म ने एडवांस बुकिंग में शानदार प्रदर्शन किया और करीब 25 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली।

ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि विजय की लोकप्रियता को देखते हुए फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग कर सकती है। उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म पहले दिन करीब 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर सकती है, जबकि दुनियाभर में इसका कलेक्शन 80 से 100 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।

'जना नायकन' की कहानी सिर्फ एक फिल्म की रिलीज नहीं बल्कि कई उतार-चढ़ावों से भरी यात्रा रही है। सेंसर विवाद, कोर्ट केस और लीक जैसी चुनौतियों को पार करने के बाद अब विजय के फैंस आखिरकार उन्हें बड़े पर्दे पर आखिरी बार देख सकेंगे।

Next Story