मनोरंजन

Box Office Report: 'जाट' का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा कायम, 'गुड बैड अग्ली' ने 'सिकंदर' को पछाड़ा

Sarita
17 April 2025 8:09 AM IST
Box Office Report: जाट का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा कायम, गुड बैड अग्ली ने सिकंदर को पछाड़ा
x
Box Office Report: बुधवार को बॉक्स ऑफिस पर 'जाट' का दबदबा कायम नजर आया। वहीं, अजित कुमार की 'गुड बैड अग्ली' कलेक्शन के मामले में सलमान खान की फिल्म से आगे निकल गई।
इन दिनों बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के दिग्गज सितारों की फिल्म सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही हैं। सनी देओल की 'जाट', अजित कुमार की 'गुड बैड अग्ली' और सलमान खान की 'सिकंदर' दर्शकों का ध्यान खींचने की पूरी कोशिश कर रही हैं। हालांकि, सलमान की फिल्म अपनी इस कोशिश में अब तक पूरी तरह से नाकाम नजर आई है। आइए जानते हैं कि बुधवार को इन तीनों फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन रहा|
'जाट' का दबदबा कायम
सनी देओल की 'जाट' ने रिलीज के बाद से ही दर्शकों का ध्यान खींचा है। 10 अप्रैल को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन नौ करोड़ 50 लाख रुपये की शानदार शुरुआत की थी। वीकएंड पर फिल्म ने रविवार को 14 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर दम दिखाया। हालांकि, सातवें दिन यानी बुधवार को इसकी कमाई में कमी आई, फिर भी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखते हुए तीन करोड़ 81 लाख रुपये कमाने में सफल रही। अब तक 'जाट' ने कुल 57.31 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है।
दूसरे वीकएंड पर रफ्तार तेज होनी की उम्मीद
100 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म हिंदी और साउथ के दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो चुकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि दूसरे वीकएंड में यह फिल्म एक बार फिर से रफ्तार पकड़ सकती है। फिल्म में सनी देओल का दमदार अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
'गुड बैड अग्ली' का जलवा बरकरार
अजित कुमार की 'गुड बैड अग्ली' ने 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में कदम रखा। पहले दिन फिल्म ने 29.25 करोड़ रुपये की धमाकेदार ओपनिंग की। यह फिल्म दर्शकों को अपनी ओर खींचने में अब तक सफल रही है। बुधवार को फिल्म ने पांच करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिसके साथ इसका कुल कलेक्शन अब 113.3 करोड़ रुपये हो गया है।
'सिकंदर' हुई फेल
सलमान खान की 'सिकंदर' इस साल ईद पर रिलीज हुई थी, लेकिन यह फिल्म फैंस की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। दर्शकों को सलमान से एक धमाकेदार फिल्म की उम्मीद थी, लेकिन 'सिकंदर' लोगों के दिलों में जगह नहीं बना सकी। बुधवार को फिल्म ने केवल 14 लाख रुपये का कलेक्शन किया, जो इसके 18वें दिन का आंकड़ा है। कुल मिलाकर, 'सिकंदर' ने अब तक 109.74 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
Next Story