मनोरंजन

Bengali Films: बंगाली दर्शकों के लिए दुर्गा पूजा का तोहफा, 'रक्तबीज 2' के अलावा चार नई फिल्में रिलीज

Sarita
28 Sept 2025 7:44 AM IST
Bengali Films: बंगाली दर्शकों के लिए दुर्गा पूजा का तोहफा, रक्तबीज 2 के अलावा चार नई फिल्में रिलीज
x
Bengali Films: दुर्गा पूजा के अवसर पर चार नई बंगाली फिल्में रिलीज हुईं। यह बंगाली सिनेमा से लगाव रखने वाले दर्शकों के लिए एक खास तोहफा है। इसमें फिल्म ‘रक्तबीज 2’ शामिल है, बाकी तीन फिल्में भी सिनेमाघरों में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। ईस्टर्न इंडिया मोशन पिक्चर्स एसोसिएशन से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि दुर्गा पूजा के अवसर पर चार नई बंगाली फिल्में रिलीज हुईं और सिनेमाघरों में दर्शकों की अच्छी-खासी संख्या देखने को मिली। यह फिल्में थ्रिलर से लेकर सस्पेंस जॉनर तक की हैं।
चर्चा में रक्तबीज 2 और रघु डाकू:
पीटीआई की खबर के अनुसार ध्रुबो बनर्जी की 'रघु डाकू' सिनेमाघरों में लगी हैं। इसमें बंगाली सुपरस्टार देव, सोहिनी सरकार, अनिर्बान भट्टाचार्य और रूपा गांगुली जैसे कलाकार हैं। फिल्म उस समय की कहानी कहती है, जब देश गुलाम था। इसमें एक योद्धा ब्रिटिश सरकार का मुकाबला करता है।
इसके अलावा नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी द्वारा निर्देशित 'रक्तबीज 2' भी काफी चर्चा में है। फिल्म में अबीर चटर्जी, अंकुश हाजरा, मिमी चक्रवर्ती, विक्टर बनर्जी और कौशानी मुखर्जी जैसे कलाकार हैं। यह फिल्म एक आतंकवादी की कहानी है जो एक वीआईपी की हत्या की कोशिश करते हुए एक खुफिया अधिकारी का सामना करता है।
ये फिल्में भी हुईं रिलीज :
रक्तबीज 2 और रघु डाकू के अलावा सुभ्रजीत मित्रा निर्देशित फिल्म 'देवी चौधुरानी' भी रिलीज हुईं। इसमें बंगाली सिनेमा के दिग्गज एक्टर प्रोसेनजीत चटर्जी, श्राबंती चटर्जी, सब्यसाची चक्रवर्ती और दर्शना बानिक ने एक्टिंग की है। फिल्म को सिनेमाघरों में अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। 'देवी चौधुरानी', वंदे मातरम गीत के लेखक बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के 1884 के उपन्यास का रूपांतरण है।
सत्यजीत रे की जासूसी कहानियों को श्रद्धांजलि:
एक फिल्म ‘जोतो कांडो कोलकातातेई' भी रिलीज हुई। यह अनिक दत्ता द्वारा निर्देशित फिल्म है और सत्यजीत रे की जासूसी कहानियों को एक श्रद्धांजलि है। इस फिल्म में एक लड़की अपने परिवार को तलाश करती है। परिवार को तलाश करने का काम वह एक जासूस को देती है। फिल्म में अबीर चटर्जी, काजी नवशाबा अहमद, रोजा पारोमिता डे और दुलाल लाहिड़ी ने एक्टिंग की है।
Next Story