मनोरंजन

Sunny Deol's की ‘इक्का’ पर दर्शकों का फैसला, कहानी दमदार या कमजोर?

Ratna Netam
10 July 2026 3:51 PM IST
Sunny Deols की ‘इक्का’ पर दर्शकों का फैसला, कहानी दमदार या कमजोर?
x

Mumbai मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल और अक्षय खन्ना की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘इक्का’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह था, क्योंकि इसमें दो अनुभवी और दमदार कलाकार एक साथ नजर आ रहे हैं। रिलीज के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों और समीक्षकों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।

कोर्टरूम ड्रामा पर आधारित इस फिल्म में सनी देओल और अक्षय खन्ना मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी, अभिनय और निर्देशन को लेकर मिलीजुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। जहां कुछ दर्शकों को दोनों कलाकारों की परफॉर्मेंस पसंद आ रही है, वहीं कुछ लोगों ने कहानी की गति और स्क्रीनप्ले को लेकर सवाल उठाए हैं।

फिल्म की कहानी

‘इक्का’ की कहानी सोमा मित्तल (आकांक्षा रंजन कपूर) के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म की शुरुआत सोमा की मुलाकात शौर्यमान गौर (अक्षय खन्ना) से होती है, जिसके साथ वह एक पार्टी में जाती है। इसके बाद कहानी में बड़ा मोड़ आता है, जब सोमा सड़क पर गंभीर हालत में मिलती है।

मामले में शौर्यमान को मुख्य आरोपी बनाया जाता है, क्योंकि वह घटना का एकमात्र प्रत्यक्षदर्शी बताया जाता है। एक प्रभावशाली नेता होने के कारण शौर्यमान अपने केस की पैरवी के लिए मशहूर वकील अर्जुन मेहरा (सनी देओल) को चुनना चाहता है।

हालांकि अर्जुन शुरुआत में यह केस लेने से इनकार कर देता है। वह कहता है कि केवल कोई चमत्कार ही उसे इस मामले में वापस ला सकता है। लेकिन उसी समय उसकी निजी जिंदगी में बड़ा संकट आ जाता है। उसकी बेटी को कैंसर होने की जानकारी मिलती है, जिसके बाद परिस्थितियां बदल जाती हैं और उसे शौर्यमान के केस से जुड़ना पड़ता है। यहीं से फिल्म की असली कहानी शुरू होती है।

फिल्म का रिव्यू

फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने किया है। फिल्म में कोर्टरूम बैटल को मुख्य आकर्षण बनाने की कोशिश की गई है, लेकिन कई जगह कहानी कोर्ट की बहस से हटकर किरदारों की निजी जिंदगी पर ज्यादा केंद्रित हो जाती है।

समीक्षकों का कहना है कि फिल्म में सनी देओल और अक्षय खन्ना जैसे प्रतिभाशाली कलाकार होने के बावजूद कहानी कई जगह प्रभाव छोड़ने में कमजोर नजर आती है। कोर्टरूम ड्रामा के बीच किरदारों की निजी परेशानियों को दिखाया गया है, लेकिन वे हिस्से पूरी तरह से विकसित नहीं हो पाए हैं।

अक्षय खन्ना के किरदार को लेकर भी चर्चा हो रही है। कुछ दर्शकों को उनका अंदाज पसंद आया, जबकि कुछ को लगा कि उनके किरदार में पहले देखे गए कुछ रोल्स की झलक नजर आती है। फिल्म में उनकी एंट्री को काफी स्टाइलिश तरीके से फिल्माया गया है, जिसमें स्लो मोशन और बैकग्राउंड म्यूजिक का इस्तेमाल किया गया है।

सनी देओल की मौजूदगी फिल्म की बड़ी ताकत मानी जा रही है। उनके प्रशंसकों को उनका वकील वाला किरदार पसंद आ रहा है। वहीं अक्षय खन्ना ने भी अपने अभिनय से ध्यान खींचा है।

कुल मिलाकर ‘इक्का’ में दमदार कलाकारों की मौजूदगी जरूर है, लेकिन कहानी और स्क्रीनप्ले के स्तर पर फिल्म कुछ जगह कमजोर पड़ती दिखाई देती है। अब आने वाले दिनों में दर्शकों की प्रतिक्रिया और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन तय करेगा कि यह कोर्टरूम ड्रामा कितनी सफलता हासिल कर पाती है।

Next Story