दक्षिण कोरिया की सड़क पर बनाई 20 फीट रंगोली, भारतीय कलाकार का Video Viral

Video: दक्षिण कोरिया की एक सड़क पर 20 फीट लंबी रंगोली बनाती एक भारतीय कलाकार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर रुककर इस अनोखी रंगोली कला को देखते नजर आए। यह वीडियो ‘art_bhagyashree’ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया, जिसे अब तक 20 लाख से ज्यादा व्यूज़, 1.45 लाख लाइक्स और हजारों कमेंट्स मिल चुके हैं। वीडियो में कलाकार को ईस्ट एशियन स्टाइल से प्रेरित रंगोली बनाते देखा जा सकता है।
वीडियो के कैप्शन में कलाकार ने लिखा कि यह आर्टवर्क ईस्ट एशियन सौंदर्यशास्त्र से प्रेरित है और इसे उनकी अपनी रंगोली शैली में तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि यह 20 फीट की रंगोली दक्षिण कोरिया के एक फेस्टिवल में सिर्फ चार घंटे में बनाई गई। सोशल मीडिया पर इस रंगोली को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने कलाकार की मेहनत और कला की तारीफ की, जबकि कुछ यूज़र्स ने बहस छेड़ दी कि रंगोली में दिखाया गया पहनावा कोरियन हैंबोक नहीं बल्कि जापानी किमोनो जैसा लग रहा है।
कई यूज़र्स ने कमेंट में कहा कि कलाकार ने कहीं भी इसे विशेष रूप से कोरियन या जापानी नहीं बताया, बल्कि “ईस्ट एशियन” थीम का जिक्र किया है। ऐसे में इसे लेकर विवाद की जरूरत नहीं है और कला की सराहना की जानी चाहिए। कुल मिलाकर, यह वीडियो भारतीय रंगोली कला और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक प्रेरणा के अनोखे मेल के कारण इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।





