दिल्ली-एनसीआर

उत्तर भारत में सर्दी का सितम जारी, दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत 'खराब' श्रेणी में, न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

Renuka Sahu
28 Dec 2021 6:35 AM GMT
उत्तर भारत में सर्दी का सितम जारी, दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में, न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
x

फाइल फोटो 

उत्तर भारत में सर्दी का सितम अब बढ़ने लगा है। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। उत्तर भारत में सर्दी का सितम अब बढ़ने लगा है। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में रही।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आर्द्रता का स्तर 90 प्रतिशत दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक ने दिन में आमतौर पर बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश या बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जताया है। वहीं, अधिकतम तापमान के 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार को वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में रही। सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 258 दर्ज किया गया। दिल्ली में लगातार छह दिन तक वायु गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में रहने के बाद बारिश होने के कारण सोमवार को यह 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई थी।
उल्लेखनीय है कि 0 और 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 और 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।
वहीं, सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 10.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
Next Story