- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- Uttar Pradesh युवा...
Uttar Pradesh युवा व्यापार मंडल से मिलीं केंद्रीय मंत्री, व्यापारियों के हितों पर हुई चर्चा

New Delhi नई दिल्ली : केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा है कि केंद्र सरकार देश के व्यापारी समाज के हितों की सुरक्षा और उनके विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनकी सहायता के लिए सरकार हर संभव कदम उठाने को तैयार है। किसी भी व्यापारी को आवश्यकता पड़ने पर सरकार का सहयोग हमेशा उपलब्ध रहेगा।
केंद्रीय मंत्री ने यह बात उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल से शिष्टाचार मुलाकात के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने संगठन की गतिविधियों और व्यापारियों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल जिस ऊर्जा, निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ व्यापारी हितों के लिए कार्य कर रहा है, वह प्रशंसनीय है।
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके योगदान से ही आर्थिक विकास को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार व्यापार को आसान बनाने, व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से इसी तरह व्यापारियों की आवाज को मजबूती से उठाने और समाजहित में कार्य करते रहने का आह्वान किया।
मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री को आगामी 30 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले 'व्यापारी कल्याण दिवस' कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र सौंपा। केंद्रीय मंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया।
प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने कहा कि केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी से व्यापारी कल्याण दिवस कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा देवी के विचार और मार्गदर्शन व्यापारियों को नई दिशा देने का काम करेंगे। संगठन की ओर से उन्होंने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री का गणेश प्रतिमा, पुष्पगुच्छ और निमंत्रण पत्र भेंट कर स्वागत किया। बैठक के दौरान व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने व्यापार क्षेत्र में आ रही चुनौतियों और व्यापारियों की अपेक्षाओं से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया।
मुलाकात में उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल, उद्योग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शक्ति सिंह, डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश जिंदल, प्रदेश सचिव शिवा चौहान समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से व्यापार क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार का सहयोग लगातार मिलता रहेगा।





