- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- शार्पशूटर गिरफ्तार,...

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंजीत महल गिरोह के कुख्यात गैंगस्टर लोकेश उर्फ सूर्या को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे गुरुग्राम के सेक्टर-29 इलाके से पकड़ा। आरोपी की गिरफ्तारी पर राजस्थान पुलिस की ओर से 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, लोकेश हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और जबरन वसूली जैसे 20 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
स्पेशल सेल की टीम को 12 जुलाई को सूचना मिली थी कि मंजीत महल गैंग का सक्रिय सदस्य लोकेश गुरुग्राम के सेक्टर-29 इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई। एसीपी पूरन चंद पंत की देखरेख में और इंस्पेक्टर मनेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सुबह करीब सात बजे गुरुग्राम सेक्टर-29 मार्केट में घेराबंदी कर लोकेश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक रिवाल्वर और छह कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा उसकी निशानदेही पर टोयोटा ग्लैंजा कार से भी हथियार बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी लोकेश उर्फ सूर्या नजफगढ़ का रहने वाला है और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और डकैती समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
जांच एजेंसियां अब आरोपी की पूरी क्राइम कुंडली खंगाल रही हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किन-किन वारदातों में शामिल रहा है और हाल के दिनों में उसकी क्या गतिविधियां थीं। इसके अलावा गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मंजीत महल गैंग दिल्ली-एनसीआर के कुख्यात गिरोहों में शामिल रहा है। पुलिस लंबे समय से इस गिरोह से जुड़े बदमाशों पर नजर रख रही है। स्पेशल सेल की इस कार्रवाई को गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और संगठित अपराध से जुड़े बदमाशों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और उसके संपर्कों की भी जांच की जा रही है।





